हर बहस आवश्यक नहीं…

Sep 26, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, हममें से बहुत से लोग अपनी ऊर्जा किसी काम को बेहतर बनाने में नहीं, बल्कि किसी दूसरे को गलत साबित करने में खर्च कर देते हैं। सामान्यतः ऐसे लोगों की बातचीत शुरू होती है विचारों के अंतर से और फिर धीरे-धीरे वह अहंकार की लड़ाई में बदल जाती है। ऐसी स्थिति में मुद्दा यह नहीं रहता कि ‘सही क्या है?’ बल्कि मुद्दा बन जाता है, “कौन सही साबित होगा?” जिसकी वजह से इंसान अपनी ऊर्जा भी खो देता है और रिश्तों की गर्माहट भी।
दोस्तों, किसी को गलत साबित करने की कोशिश में हमारी आधी ऊर्जा केवल तर्क खोजने, जवाब तैयार करने और सामने वाले की बात काटने में खर्च हो सकती है। इतना ही नहीं कई बार हम बातचीत खत्म होने के बाद भी मन ही मन वही बहस दोहराते रहते हैं। जैसे, “मुझे वहाँ यह कहना चाहिए था…”, “उसे ऐसा जवाब देना चाहिए था…”, आदि। आप स्वयं सोच कर देखियेगा, अपने समय और ऊर्जा को इस तरह लगाना उचित है क्या?
एक कोच और कंसल्टेंट के रूप में प्रभावी लोगों के साथ काम करते हुए मैंने देखा है कि वे लोग हर बहस में उतरने के बजाय यह तय करना सीखते हैं कि कौनसी बातचीत वास्तव में महत्वपूर्ण है और कौनसी नहीं। उन्हें हर बात पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत महसूस नहीं होती, क्योंकि वे जानते हैं कि हर तर्क का समाधान, तर्क से नहीं होता। इस दुनिया में कुछ लोगों को सिर्फ़ जानकारी चाहिए होती है, कुछ को समझ चाहिए होती है और कुछ केवल अपनी बात मनवाना चाहते हैं। इन तीनों परिस्थितियों में एक ही रणनीति काम नहीं करती। इसलिए अगली बार जब किसी से मतभेद हो, तुरंत उत्तर देने से पहले कुछ क्षण रुकिए और स्वयं से तीन प्रश्न पूछिए-
1) क्या यह मुद्दा वास्तव में महत्वपूर्ण है?
2) क्या मेरी बात रखने से कोई सकारात्मक परिणाम निकलेगा?
3) क्या मैं वास्तव में समाधान चाहता हूँ या केवल ख़ुद को सही साबित करना चाहता?
इन प्रश्नों के उत्तर कई अनावश्यक बहसों को वहीं समाप्त कर सकते हैं।
दोस्तों, इसका अर्थ यह भी नहीं है कि हर गलत बात पर चुप रहना चाहिए। जहाँ सत्य, नैतिकता, सुरक्षा या किसी महत्वपूर्ण निर्णय का प्रश्न हो, वहाँ अपनी बात स्पष्ट और दृढ़ता से रखना आवश्यक है। लेकिन दृढ़ता और अनावश्यक विवाद पसंद करना एक ही चीज़ नहीं हैं। आप अपनी बात कह सकते हैं, सामने वाले की बात सुन सकते हैं और फिर भी असहमति के साथ आगे बढ़ सकते हैं। ऐसी स्थिति में कभी-कभी सबसे समझदारी भरा उत्तर होता है, “मैं आपकी बात समझता हूँ, लेकिन इस विषय पर हमारी सोच अलग है।”
हर व्यक्ति को बदलना हमारी जिम्मेदारी नहीं है। कुछ लोगों को समझाने से अधिक उपयोगी है कि हम अपनी ऊर्जा, अपने लक्ष्य, अपने काम और अपने विकास में लगाएँ। याद रखिएगा, जरूरी नहीं है की हर बहस जीतने वाला व्यक्ति, जीवन में आगे बढ़ रहा हो। कई बार वास्तविक जीत उस क्षण होती है, जब आप यह पहचान लेते हैं कि कौनसी लड़ाई लड़नी है और कौनसी लड़ाई छोड़ देनी है। अपनी ऊर्जा किसी को गलत साबित करने में नहीं बल्कि उन्हें सही दिशा में ले जाने और उससे कुछ बेहतर बनाने में लगाइए।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments