top of page
Search

सच से बनाएँ जीवन को सरल, शांत और सार्थक…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 1 day ago
  • 3 min read

Apr 21, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, यकीन मानियेगा इस जीवन में हमें ख़ुद से ज़्यादा चिंता इस बात की रहती है की “लोग क्या सोचेंगे…”, इस डर का हमारे मन पर कितना अधिक प्रभाव होता है इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं की कई बार सच को जानते हुए भी हम उसे स्वीकार नहीं कर पाते है, और अनजाने में ही दिखावों से भरा जीवन जीने लगते हैं। याने ऐसा जीवन जीने लगते हैं जो बाहर से तो सुंदर दिखता है, लेकिन भीतर से खाली होता है।


आइए हाल ही में घटी एक घटना के काल्पनिक चित्रण से इसे समझने का प्रयास करते हैं। एक बड़ी कंपनी के बहुत ही सफल, सम्मानित और प्रभावशाली सीईओ ने अपनी कोर टीम को एक दिन मीटिंग के लिए बुलाया और उनका परिचय एक प्रसिद्ध कंसलटेंट से करवाया। शुरुआती सामान्य बातचीत के बाद कंपनी के सीइओ ने कंसलटेंट से कहा, “बताइए आपने कंपनी की ग्रोथ के विषय में क्या योजना बनाई है।”


कंसल्टेंट ने बड़े सधे अंदाज में सबको प्रणाम करते हुए अपनी बात शुरू करते हुए कहा, “मैं आपके संगठन को एक ऐसी रणनीति देने आया हूँ, जो केवल वही समझ सकता है जो सच में योग्य और स्पष्ट सोच वाला होगा।” इतना कह वे एक क्षण के लिए रुके और फिर मुस्कुराते हुए सभी की ओर देखते हुए बोले, “वैसे आप सभी को देख कर मुझे इस बात का एहसास हो गया है की आप में से किसी को भी इसे समझने में परेशानी नहीं होगी।” इसके पश्चात उन सज्जन ने बड़ा जटिल और अस्पष्ट प्रेजेंटेशन दिया, जो किसी को भी समझ नहीं आया। लेकिन सभी लोग कंसलटेंट द्वारा बनाई गई छवि में क़ैद थे इसलिए कुछ कह नहीं सके। वहाँ बैठे सीईओ सोच रहे थे, “अगर मैं कह दूँ कि मुझे समझ नहीं आया, तो लोग क्या सोचेंगे? मेरी छवि खराब हो जाएगी।” इसलिए उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अद्भुत! बहुत ही शानदार रणनीति है।” उनकी बात सुनते ही मीटिंग का नजारा पूरी तरह बदल गया और हर किसी ने घुमाफ़िराकर सीईओ की बात का समर्थन करना शुरू कर दिया। कोई कह रहा था, “यह तो गेम चेंजर प्लान है…”, तो कोई कंसलटेंट को दूरदर्शी बता रहा था।”


लेकिन सच्चाई इसके उलट थी, वहाँ मौजूद कोई भी शख़्स कुछ भी समझ नहीं पाया था। जब मीटिंग खत्म कर सभी जाने वाले थे, तब वहाँ बैठे एक युवा इंटर्न ने साहस दिखाते हुए कहा, “पहले तो बीच में बोलने के लिए मैं माफ़ी चाहता हूँ। लेकिन सर, अगर आप अनुमति दें तो मैं एक बात कहना चाहता हूँ… मुझे इस पूरी रणनीति में स्पष्टता नहीं दिख रही। क्या हम इसे सरल तरीके से समझ सकते हैं?” युवा इंटर्न की बात सुनते ही पूरे कमरे में सन्नाटा छा गया। सीईओ भी अब समझ चुके थे कि जिस बात को वे छुपा रहे थे, उसे इस बच्चे याने इंटर्न ने बड़ी सहजता के साथ कह दिया। उन्होंने उस युवा की तारी करने के पश्चात सभी से कहा, “हम सब समझने के बजाय दिखाने में लगे थे।”


दोस्तों, यही हमारे जीवन में भी होता है। कई बार हम ऐसे विचारों, रिश्तों और मान्यताओं को ढोते रहते हैं, जो वास्तव में खाली होते हैं, लेकिन हम उन्हें इसलिए पकड़कर रखते हैं, क्योंकि हमें अपनी छवि बचानी होती है। जो हकीकत में झूठे अहंकार से अधिक कुछ नहीं है, जो हमें सच से दूर कर देता है और यह स्वीकार नहीं करने देता है कि “हाँ, मैं गलत था…”, “हाँ, मैं समझ नहीं पाया…”, “हाँ, मुझे और सीखने की जरूरत है…”, आदि। लेकिन दोस्तों, जैसे ही हम यह स्वीकार करना शुरू करते हैं, हम भीतर से हल्के होने लगते हैं। याद रखियेगा, सच को स्वीकार करना कमजोरी नहीं है… यह आत्मविश्वास की सबसे बड़ी निशानी है। दोस्तों, सादगी में जो शक्ति है, वह दिखावे में कभी नहीं हो सकती। वैसे भी, जीवन में असली शांति तब मिलती है, जब हम “दिखने” के बजाय “होने” पर ध्यान देते हैं। याने, जब हम यह छोड़ देते हैं कि लोग क्या सोचेंगे, और यह स्वीकार करते हैं कि मैं जैसा हूँ, वैसा ही ठीक हूँ, तभी हम सच में स्वतंत्र होते हैं।


याद रखिएगा, अहंकार हमें झूठ के पिंजरे में कैद कर देता है, और सत्य हमें मुक्त कर देता है। इसलिए आज से एक छोटा सा प्रयास करें, जहाँ सच हो, वहाँ खड़े रहिए, फिर भले ही आप अकेले ही क्यों न हों क्योंकि अंत में, सच ही वह शक्ति है जो जीवन को सरल, शांत और सार्थक बनाती है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page