top of page
Search

सत्य, क्षमा और सकारात्मक विचार से जीवन को रोशन करें !

Writer: Nirmal Bhatnagar
Nirmal Bhatnagar
Oct 20, 2025
3 min read

Oct 20, 2025

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, दीपावली के पर्व पर हम सब लोग माता लक्ष्मी के स्वागत के लिए अपने घरों की अच्छी तरह साफ़-सफ़ाई करते हैं। ठीक उसी तरह हमें अपने मन को भी पूरी तरह साफ़ कर लेना चाहिए, अन्यथा लक्ष्मी जी की कृपा होने के बाद भी आप खुशहाल जीवन नहीं जी पायेंगे।


इसीलिए मैं सभी से कहता हूँ कि अपने मन के संघर्षों को सुलझाइए, वरना वे ज़िंदगी पर हावी हो जाएंगे। जी हाँ, हम सबके भीतर कुछ अनसुलझे रिश्ते, अधूरी बातें और अनकहे शब्द ज़रूर होते हैं। कई बार इसकी वजह किसी से मनमुटाव होता है तो कभी गलतफहमी। इन सभी संघर्षों या उलझनों को अक्सर सिर्फ़ समय के भरोसे यह सोचकर अनसुलझा छोड़ दिया जाता है कि “समय सब ठीक कर देगा।’ लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ होता नहीं है।


इन संघर्षों या अनसुलझी बातों का कड़वाहट या नकारात्मक भाव के रूप में अंदर रहना एक धीमे जहर का शरीर के अंदर रहना है। जो समय के साथ पहले हमारी सोच को बिगाड़ता है, फिर रिश्तों को कमजोर करता है और अंत में हमारी खुशियों को धीमे-धीमे खा जाता है।


सामान्यतः ऐसी स्थितियों में हमे लगता है या हम समझते हैं कि हम दूसरों से नाराज़ हैं, पर असल में हम खुद को सज़ा दे रहे होते हैं। धीमे-धीमे यह नकारात्मक ऊर्जा हमें कैद कर लेती है और फिर अक्सर हम बाहरी दिखावे के लिए मुस्कुराते हैं, पर हकीकत में भीतर टूटे रहते हैं। जीवन में हम आगे तो बढ़ना चाहते हैं पर अतीत की बेड़ियों में बंधे रहते हैं। इसलिए ही मैंने शुरू में कहा था कि “अगर हम अपने मन के संघर्षों से नहीं निपटते, तो वही संघर्ष एक दिन हमें निपटा देते हैं।”


दोस्तों, इस स्थिति से बचना चाहते हो तो संघर्षों से निपटना सीखो। इसके लिए आपको दो सूत्रों को अपने जीवन में अपनाना होगा-

पहला सूत्र - लोगों को माफ करना सीखें क्योंकि माफ़ करना कमजोरी नहीं, बल्कि आत्मबल की पहचान है। याद रखियेगा, माफ़ करने का अर्थ यह नहीं कि सामने वाला सही था, इसका अर्थ है कि आप अपने मन की शांति को किसी और के व्यवहार से बड़ा मानते हैं। जब आप इस नजरिये के साथ निर्णय लेकर लोगों को माफ करते हैं, तब आप अनावश्यक बंधनों से ख़ुद को आजाद करते हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो माफ़ी आपको ख़ुद के और दूसरों के अनावश्यक बंधनों से आजाद करती है।


दूसरा सूत्र - चुप रहने के स्थान पर बात करें क्योंकि गलतफहमियों या समस्याओं का समाधान “चुप रहने” में नहीं, बल्कि “बात करने” में छिपा होता है। जितनी देर हम अनावश्यक कारणों या ग़लत सोच की वजह से सच्चाई से मुँह मोड़ते हैं, उतना ही मन का अंधकार गहराता जाता है। इसलिए बेहतर है कि चर्चा करके सत्य को स्वीकारें क्योंकि सत्य ही स्थिरता और सम्मान की नींव है। रिश्ते वहीं टिकते हैं जहाँ “ईमानदारी” हो, और विश्वास वहीं पनपता है जहाँ “सत्य” को प्राथमिकता दी जाती है। इसलिए हमेशा याद रखें, जीवन में अक्सर आपको विभिन्न परिस्थितियों में यह तय करना होगा कि क्या सही है और क्या सुविधाजनक। सुविधाजनक रास्ता चुनकर, लोग रिश्तों को बचाने के लिए या फिर थोड़े से लाभ के लिए, सत्य से समझौता कर लेते हैं, पर बीतते समय के साथ ऐसे रिश्ते बोझ बन जाते हैं। सच्चाई का रास्ता कठिन ज़रूर है, लेकिन अंततः वही आपको सम्मान दिलाता है। 



अंत में इतना ही कहूँगा दोस्तों कि हर दिन की शुरुआत एक विचार से होती है और सुबह का पहला विचार ही आपके दिन की दिशा तय करता है। अगर वह विचार नकारात्मक है, याने आपको लगता है कि “आज कुछ अच्छा नहीं होगा”, तो आपका पूरा दिन उसी ऊर्जा में बीतेगा। लेकिन अगर आप “आज मैं कुछ अच्छा करूँगा, बेहतर बनूँगा,” के विचार से दिन की शुरुआत करेंगे तो आपका पूरा दिन अच्छा रहेगा। याद रखियेगा, एक अच्छा विचार, एक अच्छा दिन बनाता है और अच्छे दिन मिलकर एक सुंदर जीवन का निर्माण करते हैं।


इसलिए दोस्तों, आज से ही शुरुआत करें और मन में जो भी शिकायत हो, उसे सुलझाएँ, अपनी गलती को स्वीकारें, और जहाँ दिलों में दूरी हो वहाँ संवाद की पहल करें क्योंकि जितना मन हल्का होगा, उतनी ही ज़िंदगी खूबसूरत होगी क्योंकि जीवन की सच्ची सफलता बाहरी उपलब्धियों में नहीं, बल्कि भीतर की शांति में छिपी होती है। इसलिए ही मैं हमेशा कहता हूँ, “सत्य, क्षमा और सकारात्मक विचार के तीन दीपकों को जलाएँ और अपने जीवन को रोशन करें!”


दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाओं के साथ…


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page