सफलता की राह कभी सीधी नहीं होती…
- Nirmal Bhatnagar

- 1 day ago
- 3 min read
Mar 29, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, इस दुनिया में हर इंसान बिना असफल हुए, एकदम सरल और सीधे रास्तों पर चलते हुए सफलता पाना चाहता है। लेकिन यकीन मानियेगा, यह संभव नहीं है। ग्रोथ कभी भी सीधी रेखा जैसी नहीं होती, उसमें उतार-चढ़ाव और ठहराव होते हैं। कई बार तो इस राह में ऐसे भी कई मोड़ आते हैं, जहाँ हमें लगता है कि सब कुछ रुक गया है। लेकिन हकीकत में ये वो क्षण होते हैं, जो हमें भीतर से मजबूत बना रहे होते हैं।
याद रखियेगा दोस्तों, जीवन हमें हर समय आगे बढ़ा रहा होता है, बस उसका तरीका अलग होता है। कभी वह हमें गति देता है, कभी हमें रोककर सोचने का मौका देता है, और कभी हमें गिराकर सिखाता है कि उठना कैसे है? अक्सर हम रुकावटों को असफलता समझ लेते हैं, जबकि वे केवल एक विराम होती हैं। दूसरे शब्दों में कहूँ तो हर असफलता एक मौका होती हैं, नई तैयारी के साथ अगला बड़ा कदम उठाने की।
दोस्तों, एलन मस्क को ही ले लीजिए। आज वे इस दुनिया के सफलतम और प्रभावशाली उद्यमियों में गिने जाते हैं, लेकिन उनका सफर कभी भी सीधा, सरल और बिना चुनौतियों वाला नहीं रहा। उनके जीवन में एक दौर ऐसा था जब उनकी कंपनी दिवालियापन की कगार पर थी। कंपनी द्वारा लॉन्च किए गए रॉकेट बार-बार असफल हो रहे थे, निवेश खत्म हो रहा था, और आलोचनाएँ चरम पर थीं। लेकिन उन्होंने इन असफलताओं को अंत नहीं माना और असफलताओं से सीखकर अपनी रणनीतियों को बदल कर लगातार प्रयास किया। जिसके परिणामस्वरूप आज उनकी कंपनियाँ नवाचार का प्रतीक बन चुकी हैं।
दोस्तों, यही जीवन में ग्रोथ का असली अर्थ है, जीवन में बिना रुके, रोजमर्रा में मिले परिणामों को स्वीकार करते हुए आगे बढ़ना। इस उतार-चढ़ाव से भरी यात्रा में सच्चे रिश्तों का होना भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। सामान्यतः अच्छे दौर में हमारे आसपास बहुत लोग होते हैं, लेकिन जैसे ही हमारी परिस्थितियाँ बदलने लगती हैं, वैसे ही यह भीड़ छंटने लगती है। ऐसे विषम दौर में साथ खड़े सच्चे शुभचिंतक ही आपका सच्चा सहारा होते हैं। ये लोग दोस्त, गुरु, विशेषज्ञ और कंसलटेंट किसी भी रूप में हो सकते हैं। ये लोग तारों की तरह जीवन की अँधेरी रात में रोशनी दिखाने याने गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने में मदद करते हैं। इसलिए जीवन में केवल उपलब्धियों पर ध्यान मत दीजिए, बल्कि उन लोगों को भी पहचानिए जो संघर्ष के समय आपके साथ खड़े रह सकते हैं। ये लोग चुनौतीपूर्ण समय को सरलता पूर्वक जीने में मदद करते हैं।
याद रखियेगा, सफलता आपको ऊँचाई देती है, लेकिन रिश्ते आपको स्थिरता देते हैं। दोस्तों, अगर आज आपके जीवन में ठहराव है, याने चीज़ें आपकी योजना के अनुसार नहीं चल रही हैं, तो इसे असफलता मत समझिए। यह सिर्फ एक मोड़ है; एक संकेत है कि जीवन आपको कुछ नया सिखाना चाहता है। इसे स्वीकार कीजिए, इससे सीखिए और आगे बढ़ते रहिए और साथ ही, उन लोगों को धन्यवाद देना मत भूलिए जो आपके कठिन समय में आपके साथ खड़े हैं। याद रखिएगा, सीधी राहें आपको जल्दी पहुँचा सकती हैं, लेकिन टेढ़े-मेढ़े रास्ते आपको मजबूत बनाते हैं। दोनों का ही अपना महत्व है, इसलिए जीवन के हर मोड़ को गले लगाइए, हर ठहराव को सीख में बदलिए और हर रिश्ते को दिल से निभाइए क्योंकि मंज़िल तक वही पहुँचता है, जो रास्तों के बदलाव से घबराता नहीं है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments