सुनें… दिल खोल कर…

Sep 29, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, जीवन हमें हर दिन कुछ न कुछ सिखाता है। फर्क सिर्फ इतना है कि कुछ लोग सीखने के लिए तैयार रहते हैं और कुछ लोग जीवन के संकेतों को देखकर भी आगे बढ़ जाते हैं। इसीलिए कहते हैं, “जो सीखने के लिए तैयार होता है उसे किसी बड़ी किताब, बड़े गुरु या बड़े अनुभव की जरूरत नहीं होती, वो तो अपने आस-पास मौजूद किसी भी चीज से सीख सकता है।” उदाहरण के लिए दो छोटे-से शब्द भी जिंदगी का बहुत बड़ा रहस्य समझा जाते हैं। जरा ध्यान से देखिए, “LISTEN” और “SILENT” दोनों ही शब्दों में समान छह अक्षर हैं, बस उनका क्रम बदला हुआ है। साधारण इंसान इसे केवल संयोग या शब्दों का खेल मानकर आगे बढ़ जाएगा और जो सीखना चाहता है, वह इसमें जीवन का एक बेहद खूबसूरत संदेश खोज लेगा। चलिए इशारों में बात करने के स्थान पर, इन शब्दों से सीखना शुरू करते हैं।
दोस्तों, जब हम सचमुच “LISTEN” करना सीखते हैं, तो हमारे भीतर का शोर धीरे-धीरे “SILENT” होने लगता है। आज हमारी सबसे बड़ी समस्या लोगों का बहुत बोलना नहीं, बल्कि कम लोगों का सुनना है। अक्सर ज्यादातर लोगों का ध्यान दूसरों से बात करते वक्त शब्दों के पीछे छिपे भाव पर नहीं, बल्कि उसकी बात का जवाब क्या देना है, इसपर रहता है। इसीलिए सामने वाला अपनी बात पूरी भी नहीं कर पाता और हम मन ही मन तय कर चुके होते हैं कि अब हमें क्या कहना है।
जी हाँ दोस्तों, अक्सर हम सुनते नहीं है, सिर्फ अपनी बारी का इंतजार करते हैं और यही वजह है कि कई रिश्तों में संवाद तो बहुत होता है, लेकिन समझ बहुत कम। याद रखिएगा, सही मायने में सुनना केवल शब्दों को कानों तक पहुँचाना नहीं है। किसी माँ की आवाज में छिपी चिंता को सुनना भी LISTENING है। किसी पिता की चुप्पी के पीछे छिपी थकान को समझना भी LISTENING है। किसी बच्चे के गुस्से के पीछे छिपी जरूरत को पहचानना भी LISTENING है। किसी कर्मचारी की शिकायत में छिपी असुरक्षा को समझना भी LISTENING है और कभी-कभी किसी अपने के “मैं ठीक हूँ” में छिपे “मैं ठीक नहीं हूँ” को पहचान लेना भी LISTENING है। लेकिन इन सब बातों को सुनने के लिए हमें केवल कान नहीं, दिल खोलकर सुनना पड़ता है और दिल तभी सुन पाता है, जब मन का शोर थोड़ा शांत हो।
दोस्तों, इसलिए कभी-कभी जरूरी होता है कि हम अपनी राय को थोड़ी देर SILENT कर दें। अपने अहंकार को थोड़ी देर SILENT कर दें। अपने पूर्वाग्रहों को थोड़ी देर SILENT कर दें और सामने बैठे इंसान को अपना पूरा ध्यान दें क्योंकि कई बार सामने वाला सलाह नहीं चाहता। वह सिर्फ चाहता है कि कोई उसे सचमुच सुने और शायद यही किसी रिश्ते को बचाने का सबसे सरल तरीका है। इसके विपरीत हम अक्सर रिश्तों में समाधान देने की जल्दी करते हैं, जबकि सामने वाला पहले समझे जाने की उम्मीद कर रहा होता है।
इसलिए बुजुर्गों की कहीं इस बात को हमेशा याद रखिएगा, "सुना हुआ व्यक्ति महत्वपूर्ण महसूस करता है। समझा हुआ व्यक्ति सुरक्षित महसूस करता है और स्वीकार किया हुआ व्यक्ति खिलने लगता है।” दोस्तों, सुनने की कला केवल रिश्तों को बेहतर नहीं बनाती, वह तो हमें भी बेहतर बनाती है। जो व्यक्ति सुनना सीख जाता है, वो परिस्थितियों को समझने लगता है। जो परिस्थितियों को समझने लगता है, वो लोगों को समझता है और जो लोगों को समझता है, वो रिश्तों को समझने लगता है। यही क्रम उसे एक दिन खुद को समझने लायक बना देता है।
शायद इसलिए जीवन ने LISTEN और SILENT को एक ही अक्षरों से बनाकर हमें समझाया है कि “पहले थोड़ा शांत हो जाओ… फिर सुनो।” इसलिए दोस्तों अगली बार कोई आपसे कुछ कहे, तो तुरंत जवाब देने की कोशिश मत कीजिए। अपना मोबाइल नीचे रखिए। अपनी राय थोड़ी देर रोकिए। बीच में सामने वाले की बात मत काटिए। बस उसकी आँखों में देखिए और सुनिए। हो सकता है, उसकी आवाज में कोई ऐसी बात छिपी हो, जो उसके शब्द नहीं कह पा रहे हों।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments