top of page
Search

स्ट्रेटेजिक थिंकिंग डेवलप करने के 7 सूत्र…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 12 hours ago
  • 2 min read

Apr 24, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


आज के जटिल और तेजी से बदलते समय में केवल मेहनत करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही दिशा में सोचना और निर्णय लेना अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। रणनीतिक सोच याने स्ट्रेटेजिक थिंकिंग एक ऐसी क्षमता है जो व्यक्ति को भीड़ से अलग बनाती है। यह केवल एक कौशल नहीं, बल्कि सोचने का एक तरीका है; इंसान के व्यक्तित्व का एक हिस्सा है। प्रसिद्ध लेखक और विचारक एलेक्स एम. एच. स्मिथ के अनुसार, रणनीतिक सोच रखने वाले लोग कुछ अनोखे गुणों से पहचाने जाते हैं, जो सामान्य धारणाओं से अलग होते हैं। आइए, आज हम स्मिथ द्वारा बताए गए उन 7 गुणों या सूत्रों पर चर्चा करते हैं-


1) हर छोटी-छोटी बात में ना उलझना

रणनीतिक सोच रखने वाला व्यक्ति हर विवरण में फंसने के बजाय बड़े चित्र याने अपने विज़न पर ध्यान देता है। वह जानता है कि हर जानकारी जरूरी नहीं होती; उसके लिए तो सही दिशा और सार को पकड़ना ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। यह दृष्टिकोण उसे स्पष्ट और प्रभावी निर्णय लेने में मदद करता है।


2) विपरीत सोच याने कंट्रारियन थिंकिंग

ऐसे लोग केवल परंपरागत सोच को स्वीकार नहीं करते, बल्कि सवाल उठाते हैं। वे वही सोचते हैं जो आम लोग नहीं सोचते। यह आदत उन्हें नए दृष्टिकोण और अवसर खोजने में सक्षम बनाती है।


3) क्रियाशीलता याने एक्शन ओरिएंटेड रहना

केवल योजना बनाना पर्याप्त नहीं है। एक सच्चा रणनीतिक व्यक्ति विचारों को कार्य में बदलने पर विश्वास करता है। वह विश्लेषण में उलझने के बजाय परिणामों पर ध्यान देता है।


4) कटु सत्य को स्वीकार करना

रणनीतिक सोच रखने वाले लोग सच्चाई से भागते नहीं हैं, चाहे वह कितनी भी असहज क्यों न हो। वे ईमानदारी से स्थिति का आकलन करते हैं और उसी के आधार पर निर्णय लेते हैं। यही उनकी ताकत होती है।


5) जिम्मेदारी लेना

ऐसे लोग अपने निर्णयों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। वे असफलता से डरते नहीं, बल्कि उसे सीखने के अवसर के रूप में देखते हैं। यह गुण उन्हें आत्मनिर्भर और विश्वसनीय बनाता है।


6) प्रभावी संवाद और लेखन कौशल

रणनीति केवल सोचने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे स्पष्ट रूप से व्यक्त करना भी उतना ही जरूरी है। एक अच्छा रणनीतिक व्यक्ति अपने विचारों को सरल, प्रभावी और प्रेरणादायक तरीके से प्रस्तुत करता है।


7) थोड़ी “अपरंपरागत” सोच रखना

सबसे रोचक गुण है रणनीतिक व्यक्ति हमेशा पारंपरिक नियमों में बंधकर नहीं चलता। वह नए प्रयोग करने, जोखिम लेने और अलग तरीके से सोचने में विश्वास करता है। यही स्वतंत्र सोच उसे नवाचार याने इनोवेशन की ओर ले जाती है।


अंततः, यह समझना जरूरी है कि ये सभी गुण पारंपरिक रूप से “परफेक्ट” नहीं माने जाते, लेकिन यही गुण किसी व्यक्ति को असाधारण बनाते हैं। रणनीतिक सोच का अर्थ है—स्पष्टता, साहस और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना। यदि हम इन गुणों को धीरे-धीरे अपने जीवन में अपनाना शुरू करें, तो न केवल हमारे निर्णय बेहतर होंगे, बल्कि हम अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में भी एक नई ऊंचाई हासिल कर सकते हैं। याद रखियेगा, रणनीतिक सोच कोई जन्मजात प्रतिभा नहीं है, बल्कि यह एक विकसित की जाने वाली आदत है और हर व्यक्ति इसे सीख सकता है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page