top of page
Search

जीवन को सरल, सहज और सार्थक बनाने वाली 6 ब्रांडेड बातें…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 11 minutes ago
  • 2 min read

Apr 22, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, यकीन मानियेगा अगर कॉमन सेंस के साथ जिया जाए तो हक़ीक़त में हमारा जीवन बहुत सहज और सरल है और अगर जरा सी असावधानी और लापरवाही बरती जाए तो बहुत कठिन। जी हाँ दोस्तों, सुनने में कॉमन लगने वाला “कॉमन सेंस” असल में “कॉमन लोगों” में नहीं होता। इसीलिए जिसे इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वह अक्सर इसका उपयोग ही नहीं करता। आज तेज गति से बदलती इस दुनिया के साथ चलने के प्रयास में हम बड़ी-बड़ी बातें तो सीख लेते हैं, ढेरों डिग्रियाँ हासिल कर लेते हैं, तमाम क्षेत्रों का ज्ञान इकट्ठा कर लेते हैं, लेकिन रोज़मर्रा के छोटे-छोटे निर्णयों में साधारण समझ का उपयोग करना भूल जाते हैं। यहीं से जीवन में समस्याओं का आना शुरू होता है।


दोस्तों, जीवन हमें हर दिन हमें एहसास कराता है; सिखाता है कि सही चीज़ें बहुत सरल होती हैं। अगर हम ईश्वर प्रदत्त कुछ “ब्रांडेड” चीजों को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना लें तो तो जीवन अपने आप सुंदर हो सकता है। आइए आज हम उन्हीं 6 ब्रांडेड बातों पर चर्चा करते हैं, जिनको अपनाना हमारे जीवन को सहज और सरल बना सकता है-


1) होठों के लिए—सत्य


क्योंकि झूठ कुछ समय के लिए बचा सकता है, लेकिन सत्य जीवनभर का विश्वास बनाता है।

2) आवाज़ के लिए—प्रार्थना


क्योंकि जब हमारे शब्दों में विनम्रता होती है, तो वे सीधे दिल तक पहुँचते हैं।

3) आँखों के लिए—सहानुभूति


क्योंकि हर व्यक्ति अपनी एक अनकही कहानी जी रहा है और उसे समझना ही मानवता है।

4) हाथों के लिए—दान


क्योंकि जो हाथ देते हैं, वही सच्चे अर्थों में समृद्ध होते हैं।

5) दिल के लिए—प्रेम


क्योंकि बिना प्रेम के जीवन सिर्फ एक प्रक्रिया रह जाता है, अनुभव नहीं और

6) चेहरे के लिए—मुस्कान


क्योंकि यह सबसे सरल, लेकिन सबसे प्रभावशाली भाषा है, जो हर दिल को जोड़ सकती है।


दोस्तों, यकीन मानियेगा सुनने में छोटी और साधारण लगने वाली इन बातों में ही जीवन की बड़ी समझ छिपी है। एक और बहुत जरूरी बात याद रखिएगा, अक्सर हम मान कर चलते हैं कि “अगर सब कुछ शांत दिख रहा है, तो सब कुछ सुरक्षित है।” लेकिन यह सही नहीं है। याद रखियेगा, शांत पानी में भी मगरमच्छ हो सकते हैं। याने सतही तौर पर देखने से हर चीज़ को समझा नहीं जा सकता। जीवन में सतर्क रहना भी उतना ही जरूरी है, जितना सकारात्मक रहना। कई बार हम लोगों को, परिस्थितियों को या अवसरों को बिना समझे स्वीकार कर लेते हैं, और बाद में पछताते हैं। इसलिए जीवन में सादगी के साथ-साथ सजगता भी जरूरी है।


दोस्तों याद रखिएगा, जीवन कोई जटिल पहेली नहीं है। यह एक सरल प्रक्रिया है, जहाँ सही सोच, सही व्यवहार और थोड़ी सी समझ हमें बहुत आगे ले जा सकती है। अगर हम अपने शब्दों में सत्य, अपने व्यवहार में प्रेम, और अपने निर्णयों में सजगता ले आएँ तो जीवन अपने आप संतुलित और सुंदर हो जाएगा।


अंत में बस एक बात और याद दिलाऊँगा, जीवन में बड़ा बनने के लिए हमेशा बड़ी चीज़ों की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी साधारण समझ ही असाधारण जीवन बना देती है। इसलिए आज से प्रयास करें की ज्ञान के साथ-साथ समझ को भी अपनाएँगे और जीवन को सरल, सहज और सार्थक बनाएं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page