top of page
Search

मेहनत, दूरदृष्टि और सही सोच से पायें सफलता !!!

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 1 day ago
  • 3 min read

June 26, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, मेरी उम्र के ज्यादातर लोगों ने बचपन में यह कभी ना कभी जरूर सुना होगा, ‘पढ़ोगे लिखोगे, बनोगे नवाब, खेलोगे कूदोगे तो बनोगे ख़राब…’ याने ‘अच्छे से पढ़ाई करोगे तो अच्छी नौकरी मिलेगी और जीवन सुरक्षित हो जाएगा।’ आज मैं इस सलाह पर पलट कर विचार करता हूँ तो मुझे लगता है कि यह सलाह गलत तो नहीं थी, लेकिन अधूरी अवश्य थी क्योंकि अच्छी पढ़ाई से मिली नौकरी से ज्यादातर लोग सिर्फ वेतन कमा पाते हैं, संपत्ति नहीं बना पाते और वेतन आपको महीने भर का सहारा देता है। लेकिन अगर आप उससे आगे की सोच रखते हैं और अगर आप आने वाली पीढ़ियों को भी आर्थिक सुरक्षा देना चाहते हैं तो आपको ओनरशिप की सोच के साथ कार्य करना होता है। चलिए, इस बात को एक वास्तविक घटना से समझने का प्रयास करते हैं-


वर्ष 2015 में मेक्सिको से आए एक साधारण वेल्डर, जुआन हर्नांडेज़ ने लगभग 28 डॉलर प्रति घंटा मजदूरी पर एक ऐसी कंपनी में कार्य करना शुरू किया जिसके विषय में ना के बराबर लोग जानते थे। कंपनी में उसके पास ना तो कोई बड़ा पद था, ना ही वो कोई पढ़ा-लिखा इंजीनियर था, उसका काम तो एक वेल्डर का था जो रॉकेट लॉन्चिंग प्लेटफॉर्म के लिए धातु संरचनाएँ तैयार करता था। कंपनी ने उसे उसके कार्य के एवज में वेतन के साथ कुछ शेयर भी दिए। उस समय उन शेयरों की कीमत बहुत अधिक नहीं थी। इसलिए ज्यादातर कर्मचारियों ने उन्हें महत्वहीन समझा और उनमें से कुछ लोगों ने उसे बेच दिया, तो कुछ ने छोटे-मोटे लाभ के लालच में उनका आदान-प्रदान कर लिया। लेकिन अपनी दूरदर्शी सोच के चलते जुआन ने एक अलग निर्णय लिया और तत्काल लाभ के स्थान पर भविष्य पर भरोसा किया और उन शेयरों को सम्भालकर रखा।


अगले दस वर्षों तक वह पूरी शिद्दत के साथ अपना काम करता रहा याने रॉकेट बनाने में योगदान देता रहा और कंपनी के विकास का भागीदार बना रहा। फिर एक दिन ऐसा आया जब कंपनी का मूल्य आसमान छूने लगा। उसके पास मौजूद शेयरों की कीमत लाखों डॉलर में पहुँच गई और एक साधारण सा वेल्डर करोड़पति बन गया।


लेकिन दोस्तों, इस कहानी का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा उसका करोड़पति बनना नहीं है। उसके साथ काम करने वाले कई लोगों को भी वही अवसर मिला था। वे सब भी जुआन की तरह कंपनी में अपना-अपना कार्य कर रहे थे। लेकिन वे जुआन की तरह भविष्य को नहीं देख पाये और तात्कालिक लाभ लेकर बाहर हो गए। याने कंपनी में एक समूह ने अपने हिस्से की साझेदारी सम्भाल कर रखी, जबकि दूसरे समूह ने उसे तत्काल सुविधा के लिए भुना लिया।


दोस्तों, जीवन में सफलता का नियम इसी घटना में छिपा है। अक्सर लोग केवल वेतन के लिए काम करते हैं, जबकि सफल लोग वैल्यू क्रिएशन के लिए काम करते हैं। वे कार्य करने के पहले यह नहीं पूछते कि मुझे आज क्या मिलेगा, बल्कि वे अपने हर कार्य से दुनिया को बेहतर बनाने का प्रयास करते हैं और साथ ही ख़ुद से बार-बार यह पूछते हैं कि “मैं जिस काम में अपनी ऊर्जा लगा रहा हूँ, उसका भविष्य क्या है?”


दोस्तों, यह सिद्धांत जीवन में भी इसी तरह लागू होता है। जो व्यक्ति केवल तात्कालिक सुखों, छोटी सुविधाओं और तत्काल लाभों के पीछे भागता है, वह अक्सर बड़े अवसरों को खो देता है। जबकि जो व्यक्ति धैर्य, दूरदृष्टि और विश्वास के साथ आगे बढ़ता है, वही असाधारण परिणाम प्राप्त करता है।


यह कहानी हमें एक और महत्वपूर्ण बात सिखाती है। अमीरी केवल पैसों का होना नहीं बल्कि एक विशेष सोच का होना है। याने मजदूर और मालिक के बीच सबसे बड़ा अंतर अक्सर काम का नहीं, बल्कि सोच का होता है। एक व्यक्ति केवल समय बेचता है, जबकि दूसरा अपने समय को भविष्य की संपत्ति में बदलता है। दोस्तों, अमीर बनने का सपना सच करना चाहते हैं तो आज ही ख़ुद से पूछिए, “क्या मैं केवल आज की तनख्वाह के लिए काम कर रहा हूँ, या मैं ऐसा कुछ बना रहा हूँ जो आने वाले वर्षों में वैल्यू क्रिएट करेगा?” याद रखिएगा, वेतन केवल आपके महीने का खर्च चला सकता है, लेकिन सही निर्णय, धैर्य और मालिकाना सोच आपका भविष्य बदल सकती है और सफलता केवल मेहनत करने वालों को नहीं, बल्कि उन लोगों को मिलती है जो मेहनत के साथ दूरदृष्टि और साझेदारी की सोच भी रखते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page