top of page
Search

आइडिया से ज्यादा महत्वपूर्ण उसका क्रियान्वयन है…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 2 hours ago
  • 3 min read

Mar 27, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, इस जीवन में हर इंसान कभी ना कभी एक बड़ा व्यवसाय खड़ा करने का सपना देखता है। जो कहीं ना कहीं आज के दौर में और ज़्यादा बढ़ गया है। आज आपको हर दूसरा युवा स्टार्टअप, फंडिंग और बड़े-बड़े आइडियाज़ की बात करता नजर आएगा। यह बात जितनी सच है, उतना ही सच यह भी है कि व्यवसायिक सफलता की चाह रखने वाले इन सभी लोगों में से एक प्रतिशत से भी कम लोग अपने सपने को सच कर पाते हैं। जानते हैं क्यों? क्योंकि ये लोग इस सच्चाई को नजरंदाज कर जाते हैं कि सफलता केवल बड़े संसाधनों से नहीं, बल्कि छोटे और निरंतर प्रयासों से बनती है।


आइए, अमरीक सिंह सुखदेव की प्रेरणादायक कहानी से इस सूत्र को थोड़ा और गहराई से समझते हैं। अमरीक सिंह ने अपने सपने की यात्रा मुरथल में सड़क किनारे एक साधारण से ढाबे की शुरुआत से की थी और अपनी मेहनत और लगन से इसे आज एक ऐसे ब्रांड में बदल दिया, जो रोज़ लाखों का कारोबार करता है और हाईवे फूड कल्चर का प्रतीक बन चुका है।


दोस्तों, इसे किस्मत का खेल मत समझियेगा। यह कारोबार उन्होंने अपने दूरदृष्टि याने विज़न, सेवा भाव, उच्च गुणवत्ता याने क्वालिटी और निरंतरता याने कंसिस्टेंसी के बूते पर किया है। शुरुआती दिनों में यह किसी भी अन्य ढाबों की तरह एक छोटा सा ढाबा था, लेकिन अमरीक सिंह ने ढाबे को यात्रियों के लिए सिर्फ भोजन करने के स्थान पर एक्सपीरियंस सेंटर में बदल दिया। ग्राहकों से हुई बातचीत से मिले अनुभव से वे जान गए थे कि सफर पर निकले यात्रियों को केवल भोजन नहीं चाहिए होता, वे स्वच्छ, पौष्टिक, स्वादिष्ट और गुणवत्ता पूर्ण भोजन के साथ भरोसा, आरामदायक और साफ़-सुथरी जगह के साथ ऐसा अनुभव चाहते हैं, जहाँ वे सहज महसूस कर सकें। यही समझ उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी।


जहाँ कई लोग बदलते ट्रेंड्स के पीछे भागते हैं, वहीं उन्होंने एक बात पर लगातार ध्यान बनाए रखा - गुणवत्ता, स्वाद और सेवा। यही कारण है कि समय के साथ उनका व्यवसाय तो बढ़ा, पर उसकी आत्मा, एक सच्चा ढाबा अनुभव ही रही। दोस्तों, उनकी यह यात्रा हमें सफल व्यवसाय स्थापित करने के तीन महत्वपूर्ण मूल मंत्र सिखाती है-

पहला मंत्र - कंसिस्टेंसी याने निरंतरता, मोटिवेशन याने प्रेरणा से कहीं अधिक शक्तिशाली होती है
 दोस्तों, प्रेरणा कुछ समय के लिए काम करती है, लेकिन निरंतरता ही वह आदत है जो सफलता को स्थायी बनाती है।

दूसरा मंत्र - ग्राहक और उसकी ज़रूरत को समझना ही व्यवसाय की नींव है 
दोस्तों, जो लोग केवल उत्पाद बेचते हैं, वे सीमित रहते हैं। लेकिन जो लोग अनुभव देते हैं, वे ब्रांड बनाते हैं।

तीसरा मंत्र - सफलता के साथ आगे बढ़ते वक्त अपनी पहचान को बनाए रखना ही असली सफलता है

दोस्तों, बहुत से लोग व्यवसायिक जीवन में आगे बढ़ते वक्त अपनी मूल भावना खो देते हैं, लेकिन जो लोग अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, वही लंबे समय तक टिकते हैं। अमरीक जी का जीवन हमें एक और बड़ी बात सिखाता है, सफलता कभी भी बड़े स्तर से शुरू नहीं होती, वह तो बस सही समझ के साथ उठाये गए छोटे कदमों का परिणाम होती है।


दोस्तों, आज के समय में युवा बड़े आइडियाज़ और तेज़ सफलता के पीछे भाग रहे हैं, लेकिन यह कहानी हमें याद दिलाती है कि आइडिया से ज्यादा महत्वपूर्ण उसका क्रियान्वयन है। लोकेशन महत्वपूर्ण हो सकती है, गुणवत्ता भी जरूरी है, लेकिन अगर कोई एक तत्व सबसे ज्यादा फर्क पैदा करता है, तो वह है निरंतरता क्योंकि लोकेशन आपको शुरुआत दे सकती है, गुणवत्ता आपको पहचान दे सकती है, लेकिन निरंतरता ही आपको स्थायी सफलता देती है। इतना ही नहीं दोस्तों, यह कहानी यह भी सिद्ध करती है कि ज़मीन से जुड़े व्यवसाय भी साम्राज्य खड़ा कर सकते हैं, अगर उनमें विज़न, अनुशासन और लगातार मेहनत हो।


अंत में, यह कहना गलत नहीं होगा कि सफलता कोई मंज़िल नहीं, एक यात्रा है, जिसका “किराया” हर दिन मेहनत, धैर्य और निरंतरता के रूप में चुकाना पड़ता है। इसलिए, अगर आप जीवन में कुछ बड़ा करना चाहते हैं, तो बड़े सपने देखने के साथ छोटे कदम उठाना शुरू कीजिए क्योंकि इतिहास उन्हीं का बनता है, जो चुपचाप, लगातार सही दिशा में काम करते रहते हैं।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page