इंसान पद से नहीं, व्यवहार से पहचाना जाता है…
- Nirmal Bhatnagar

- 21 hours ago
- 3 min read
Apr 1, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, आज की दुनिया में “लीडर” बनना आसान हो गया है—पद मिल जाता है, अधिकार मिल जाता है, लोग भी मिल जाते हैं। लेकिन एक सच्चाई बहुत कम लोग समझते हैं, लीडर बनना आसान है, अच्छा लीडर बनना कठिन है। एक गलत, अहंकारी या संवेदना हीन असंवेदनशील लीडर केवल खुद को नहीं गिराता, वह अपने साथ पूरी टीम का मनोबल गिरा देता है।
आप सोच रहे होंगे ऐसा लीडर आख़िर करता क्या है? तो मैं आपको आगे बढ़ने से पहले बता दूँ कि ऐसा लीडर सबसे पहले टीम में डर पैदा कर, आपसी विश्वास को खत्म कर देता है। वह अपनी टीम के सदस्यों को इन्सान नहीं, सिर्फ़ “रिसोर्स” समझता है। परिणामस्वरूप ऐसी टीम में आपको प्रेरणा और निष्ठा कम होती प्रतीत होगी। इतना ही नहीं टीम के सदस्यों में आपसी तनाव बढ़ता और रिश्ते टूटते नजर आयेंगे और यह सब मिलकर अंत में ख़राब परिणाम देंगे।
दोस्तों, नेतृत्व केवल टीम के साथ समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने का नाम नहीं है, नेतृत्व लोगों को साथ लेकर चलते हुए सफलता पाने की कला है। याद रखिएगा, लोग कंपनी नहीं छोड़ते, लोग लीडर छोड़ते हैं। इसीलिए असली सवाल यह नहीं है कि आप कितने बड़े पद पर हैं, सही सवाल तो यह है कि आप अपने आसपास के लोगों के साथ कैसा व्यवहार करते हैं।
इस बात को आप माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला के जीवन से बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। जब उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट की कमान संभाली थी, तब कंपनी केवल प्रतिस्पर्धा में उलझी हुई थी। सीईओ बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले टेक्नोलॉजी नहीं बदली, उन्होंने संस्कृति बदली। उन्होंने कंपनी के कल्चर में बदलाव करते हुए अहंकार की जगह सहानुभूति को चुना, डर की जगह विश्वास लाए और आदेश देकर काम करवाने की जगह संवाद करना शुरू किया। माइक्रोसॉफ्ट में किए गए इस व्यवहारिक और सांस्कृतिक बदलाव का परिणाम यह हुआ कि एक ठहर चुकी कंपनी फिर से जीवंत हो गई।
दोस्तों, यही असली नेतृत्व है, जहाँ आप लोगों को नीचे नहीं दबाते, बल्कि उन्हें ऊपर उठाते हैं। आज हम अक्सर किसी व्यक्ति को उसके पैसे, उसके पद और उसके स्टेटस से आंकते हैं। लेकिन सच्चाई इसके उलट है, असल जीवन में वह व्यक्ति महान कहलाता है जो अपने से कमज़ोर लोगों के साथ बराबरी का व्यवहार करता है याने मानवीयता के साथ उन्हें डील करता है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो ड्राइवर, कर्मचारी और सहायक या अधीनस्थ के साथ किया गया आपका व्यवहार ही आपके असली चरित्र को परिभाषित करता है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि शक्तिशाली को सम्मान देना आसान है और जो आप पर निर्भर रहता है, उसे बराबरी से डील करना मुश्किल।
दोस्तों, नेतृत्व का मतलब केवल आगे चलना नहीं है, नेतृत्व का मतलब है, पीछे चलकर भी सबको आगे बढ़ाना। अगर आप चाहते हैं कि लोग आपका सम्मान करें, तो पहले आप उन्हें सम्मान दीजिए। अगर आप चाहते हैं कि लोग आपके लिए काम करें, तो पहले आप उनके लिए खड़े रहिए। याद रखिएगा, डर से काम करवाया जा सकता है, लेकिन दिल से काम करवाने के लिए सम्मान और विश्वास चाहिए। इसलिए आज से एक संकल्प लीजिए, पद चाहे छोटा हो या बड़ा, व्यवहार हमेशा बड़ा रखें क्योंकि अंत में, लोग यह नहीं याद रखते कि आप कितने शक्तिशाली थे, वे यह याद रखते हैं कि आपने उन्हें कैसा महसूस कराया।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments