ईश्वर दान की मात्रा नहीं, दान के पीछे की भावना देखता है…
- Nirmal Bhatnagar

- 1 day ago
- 3 min read
July 15, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, आइए आज के लेख की शुरुआत एक कहानी से करते हैं। बात कई साल पहले की है, गाँव में एक धनी और प्रसिद्ध दानी ब्राह्मण रहता था, जो प्रतिदिन सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन व धन का दान दिया करता था। समय के साथ उसे यह विश्वास हो गया कि उससे बड़ा दानी इस संसार में कोई नहीं।
एक दिन दान में सूखे चने की आस लिए आए एक भूखे व्यक्ति को उसने जब अपने विषय में बताया तो वह बोला, “महोदय! यदि सच्चा दान देखना चाहते हो, तो जंगल में रहने वाले एक अंधे लकड़हारे से मिलो।” धनी ब्राह्मण उत्सुकतावश जंगल पहुँचा और उस अंधे लकड़हारे से थोड़ी दूरी पर बैठ गया। उस दिन उसने देखा कि दिन भर की कठिन मेहनत के बाद लकड़हारे को केवल दो रोटियाँ मिली थीं। जिन्हें खाने के लिए वो जैसे ही बैठा, वहाँ एक भूखा कुत्ता आ गया। उसने अपनी एक रोटी उसे खिला दी। अभी वह दूसरी रोटी खाना शुरू करने ही वाला था कि वहाँ एक घायल पक्षी आ पहुँचा। उसने अपनी दूसरी रोटी भी उसके सामने रख दी और स्वयं भूखा रह गया।
ब्राह्मण ने आश्चर्यचकित हो उससे पूछा, “तुमने अपने हिस्से का सब कुछ दे दिया, फिर भी तुम्हें कोई अफसोस नहीं?” लकड़हारा मुस्कुराते हुए बोला, “मैं कहाँ कुछ देता हूँ? मैं तो बस जो ईश्वर मुझे देता है, उसका थोड़ा-सा हिस्सा उसके ही बनाए प्राणियों को लौटा देता हूँ।” लकड़हारे की बात सुन ब्राह्मण समझ गया कि जहाँ 'मैं' समाप्त हो जाता है, वहीं से सच्चा दान शुरू होता है।
दोस्तों, यही जीवन का सबसे बड़ा सत्य है। हम अक्सर किसी भी अच्छे काम का मूल्य उसकी मात्रा से तय करते हैं। किसने कितना दान दिया? किसने कितना खर्च किया? किसने कितने लोगों की मदद की? लेकिन जीवन का वास्तविक मूल्यांकन इन बातों या प्रश्नों से नहीं होता। सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न तो यह है कि आपने जो किया, वह किस भावना से किया? यदि आपने किसी की मदद केवल प्रशंसा पाने के लिए की है, तो वह सेवा नहीं, प्रदर्शन है। याद रखियेगा, यदि दान के साथ अहंकार जुड़ जाए, तो उसका आध्यात्मिक मूल्य समाप्त हो जाता है। यदि भलाई के बदले धन्यवाद, सम्मान या प्रसिद्धि की अपेक्षा हो, तो वह सौदा बन जाती है।
इसके विपरीत, जब कोई व्यक्ति बिना नाम, बिना शोर और बिना किसी अपेक्षा के किसी का दुःख कम करता है, तब उसका छोटा-सा कार्य भी असाधारण बन जाता है। प्रकृति भी हमें यही सिखाती है। सूर्य हर दिन प्रकाश देता है, लेकिन कभी अपनी रोशनी का हिसाब नहीं माँगता। वृक्ष फल देते हैं, नदियाँ जल देती हैं, बादल वर्षा करते हैं, लेकिन वे कभी यह घोषणा नहीं करते कि उन्होंने कितना दिया। शायद इसी कारण प्रकृति हमें सबसे बड़ा दान और सबसे बड़ा धर्म सिखाती है।
दोस्तों, आज सोशल मीडिया के युग में अच्छे काम से अधिक उसकी तस्वीरें दिखाई देती हैं। कई बार सेवा से पहले कैमरा तैयार होता है और फिर धीरे-धीरे हमारा ध्यान कर्म से अधिक उसकी प्रतिक्रिया पर केंद्रित होने लगता है। लेकिन याद रखिएगा, लोगों की तालियाँ कुछ समय के लिए मिलती हैं, जबकि निस्वार्थ भावना का आनंद जीवनभर साथ रहता है। इसलिए दोस्तों, अगर कभी भी किसी की मदद करने का अवसर मिले, तो यह मत सोचिएगा कि सामने वाला उसका कितना मूल्य समझेगा। बल्कि दान इस सोच के साथ करियेगा कि इस कार्य से आपका हृदय कितना विशाल बनेगा। हाँ, यह सही है कि संसार आपके दान की मात्रा देख सकता है, लेकिन ईश्वर केवल आपके मन की भावना देखता है। इसलिए हमेशा याद रखिएगा, दान की महानता जेब से नहीं, बल्कि आपके हृदय से मापी जाती है और जहाँ अहंकार समाप्त होता है, वहीं से सच्ची मानवता और सच्चा धर्म प्रारंभ होता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments