हर महान परिवर्तन का पहला कदम सेल्फ-अवेयरनेस है…
- Nirmal Bhatnagar

- 4 days ago
- 3 min read
July 13, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, एक रिसर्च बताती है कि दुनिया में अधिकांश लोग अपना पूरा जीवन सिर्फ़ इस दुनिया को समझने में लगा देते हैं। याने इन लोगों का ध्यान कौन क्या सोचता है, किसने क्या कहा, कौन सफल है, कौन असफल आदि बातों पर ज़्यादा रहता है और इसी वजह से ये लोग ख़ुद से एक प्रश्न करना भूल जाते हैं कि “मैं स्वयं को कितना जानता हूँ?” जबकि इस प्रश्न के उत्तर से ही आत्म-जागरूकता अर्थात सेल्फ अवेयरनेस की शुरुआत होती है।
दोस्तों, जीवन में हर बड़ा परिवर्तन बाहर से नहीं, भीतर से शुरू होता है। जब तक हम स्वयं को नहीं समझते, तब तक ना तो अपनी आदतें बदल सकते हैं, ना अपने रिश्ते और ना ही अपने जीवन की दिशा। याद रखें, आत्म-जागरूकता याने सेल्फ अवेयरनेस कोई कठिन साधना नहीं है। इसके लिए पहाड़ों पर जाने या दुनिया छोड़ने की आवश्यकता नहीं। इसकी शुरुआत स्वयं को देखने के एक छोटे-से अभ्यास से होती है। इसके लिए आपको दिन में कुछ क्षण रुककर अपने विचारों को देखना शुरू करना होगा। इसके लिए आप अपने मन से पूछिए, “मैं अभी क्या सोच रहा हूँ?”, “मैं ऐसा क्यों महसूस कर रहा हूँ?”, “मेरी प्रतिक्रिया का कारण क्या है?” आदि। जब आप अपने विचारों और भावनाओं को बिना किसी धारणा के देखना शुरू करते हैं, तब आपको अपने व्यक्तित्व का वास्तविक परिचय मिलने लगता है।
दोस्तों, अक्सर हम सोचते हैं कि हमारी समस्याओं का कारण दूसरे लोग हैं। लेकिन आत्म-जागरूकता याने सेल्फ अवेयरनेस हमें सिखाती है कि हर परिस्थिति में हमारी प्रतिक्रिया भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है, जितनी समस्या। याद रखिएगा, घटना हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होती, लेकिन उस घटना पर हमारा दृष्टिकोण और व्यवहार अवश्य हमारे हाथ में होता है। यही जागरूकता हमें प्रतिक्रियाशील व्यक्ति से जिम्मेदार व्यक्ति बनाती है। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि सीखना केवल किताबों से नहीं होता। जीवन का सबसे बड़ा ज्ञान स्वयं को देखने से मिलता है। याद रखिएगा, जो व्यक्ति अपनी कमियों को स्वीकार कर लेता है, वही उन्हें सुधार भी सकता है। जो अपनी ताकत पहचान लेता है, वही उनका श्रेष्ठ उपयोग कर सकता है। प्रसिद्ध लेखक रिचर्ड बैक ने इसे समझाते हुए बहुत ही सुंदर बात कही है, “इल्ली याने कैटरपिलर के लिए अपनी दुनिया का अंत, तितली याने बटरफ्लाई के जीवन की शुरुआत होता है।”
दोस्तों, यह केवल एक सुंदर उपमा नहीं, बल्कि जीवन का गहरा सत्य है। इल्ली यदि अपने पुराने स्वरूप से चिपकी रहती, तो कभी तितली नहीं बन पाती। उसे अपने पुराने अस्तित्व को छोड़ना पड़ा, तब जाकर उसके पंख खुले। हमारे जीवन में भी ऐसा ही होता है। जब हम अपने पुराने डर, सीमित सोच, नकारात्मक आदतों और गलत धारणाओं को पहचानकर छोड़ने का साहस करते हैं, तभी हमारे भीतर एक नया व्यक्तित्व जन्म लेता है। याद रखियेगा, परिवर्तन का पहला कदम किसी और को बदलना नहीं, स्वयं को समझना है। इसलिए प्रतिदिन कुछ मिनट अपने लिए निकालिए। अपने मन को सुनिए, अपने विचारों को देखिए और स्वयं से ईमानदार प्रश्न पूछिए। धीरे-धीरे आप पाएँगे कि आपके निर्णय बेहतर हो रहे हैं, रिश्ते मजबूत हो रहे हैं और जीवन अधिक शांत एवं सार्थक बन रहा है। याद रखिएगा, जीवन तब नहीं बदलता जब परिस्थितियाँ बदलती हैं। जीवन तब बदलता है जब स्वयं को देखने का हमारा दृष्टिकोण बदल जाता है क्योंकि आत्म-जागरूकता याने सेल्फ अवेयरनेस ही हर महान परिवर्तन का पहला कदम है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments