top of page
Search

सुंदर जीवन संयोग से नहीं, सही चुनावों से बनता है !!!

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 10 hours ago
  • 3 min read

July 16, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, हममें से अधिकांश लोग एक डिज़ाइनर याने सुंदर, सुखी और शांतिपूर्ण जीवन चाहते हैं। अर्थात् हम सभी चाहते हैं कि हमारे जीवन में किसी भी तरह की कोई समस्या ना हो। हम शरीर से निरोगी, मन से शांत और संतोषी, व्यवसायिक जीवन में सफल, व्यक्तिगत जीवन में बेहतरीन पारिवारिक रिश्तों के साथ और सामाजिक तौर पर सम्मानित हो। लेकिन यहीं पर एक बड़ा महत्वपूर्ण प्रश्न मन में आता है, क्या ऐसा जीवन सोचने मात्र से बन जाता है या उसे बनाना पड़ता है?


दोस्तों, ऐसा सुंदर जीवन कभी संयोग से नहीं बनता। वह तो रोजमर्रा के जीवन में लिए गए हमारे छोटे-छोटे निर्णयों, आदतों, और व्यवहार से धीरे-धीरे आकार लेता है। जिस प्रकार एक मजबूत इमारत एक-एक ईंट जोड़कर बनती है, उसी प्रकार एक सुखी और शांतिपूर्ण जीवन भी प्रेम, धैर्य, क्षमा और संवेदनशीलता के छोटे-छोटे पलों से तैयार होता है। इसके लिए किसी चमत्कार या विशेष भाग्य अथवा ईश्वरीय आशीर्वाद की आवश्यकता नहीं होती। आवश्यकता होती है तो बस प्रतिदिन थोड़ा शिकायत के स्थान पर अधिक प्रेम करने और बिना सुने प्रतिक्रिया देने के स्थान पर शांति के साथ सुनने की।


दोस्तों, जब हम किसी की गलती को क्षमा कर देते हैं, किसी के संघर्ष को समझ लेते हैं, किसी की सफलता पर ईर्ष्या के बजाय खुशी महसूस करते हैं, तब हम केवल रिश्ते नहीं बचाते, बल्कि अपना जीवन भी सुंदर बनाते हैं। सीधे शब्दों में कहूँ तो सुंदर जीवन के लिए हमें अपनी कई पुरानी धारणाओं को तोड़ना होगा। जैसे रिश्तों के विषय में अक्सर लोग पूछते हैं, “दोस्ती बड़ी है या रिश्ता? और अगर इन दोनों के बीच कोई दौड़ हो, तो जीत किसकी होगी?” मेरी नजर में तो शायद किसी की नहीं क्योंकि मेरे हिसाब से तो यह सवाल ही ग़लत है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि सच्ची दोस्ती में समझौता करने की क्षमता होती है और सच्चे रिश्ते में त्याग करने का साहस। जहाँ दोस्ती कहती है, "चलो, इस बार मैं तुम्हें समझ लेता हूँ," वहीं रिश्ता कहता है, "तुम्हारी खुशी के लिए मैं थोड़ा और झुक जाता हूँ।” याद रखिएगा, जीवन के सबसे मजबूत संबंध वही होते हैं जहाँ समझौता हार नहीं बनता और त्याग बोझ नहीं लगती । जहाँ "मैं" से अधिक "हम" महत्वपूर्ण हो जाता है और जहाँ अहंकार से अधिक अपनापन जीतता है, वहीं सच्ची दोस्ती और रिश्ता जन्म लेता है।


दोस्तों, इसी तरह सुंदर जीवन बनाने के लिए अपने जीवन की वर्तमान अवस्था को स्वीकार करना बड़ा महत्वपूर्ण है। इस आधुनिक युग की सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग वर्तमान को जीने के बजाय भविष्य की चिंता करने में और दूसरों से तुलना करने में अपना आज खो देते हैं। वे सोचते हैं कि “जब मुझे फलानी नौकरी मिलेगी, तब खुश रहूँगा”, “जब बड़ा घर होगा, तब जीवन सुंदर होगा”, “जब सारी समस्याएँ समाप्त होंगी, तब सुकून मिलेगा।” लेकिन दोस्तों, जिस तरह हर मौसम का अपना महत्व होता है, ठीक वैसे ही जीवन से मिले हर अनुभव का अपना महत्व होता है। संघर्ष हमें मजबूत बनाता है। प्रतीक्षा हमें धैर्य सिखाती है। असफलता हमें विनम्र बनाती है। सफलता हमें जिम्मेदारी का एहसास कराती है।


दोस्तों, इसलिए जीवन में आपने जो भी पाया है या आप आज जहाँ भी हैं, उसे कम मत समझिए। हो सकता है, यही वह समय हो जो आपको उस व्यक्ति में बदल रहा हो, जिसे बनना आपका सपना है; आपकी मंज़िल है। याद रखिएगा, जीवन सुंदर तब नहीं बनता जब सब कुछ हमारी इच्छा के अनुसार होने लगे। जीवन सुंदर तब बनता है जब हम हर परिस्थिति में प्रेम करना, हँसना, धैर्य रखना, क्षमा करना और कृतज्ञ रहना सीख जाते हैं। इसलिए ही कहा गया है, “सुंदर जीवन किस्मत का उपहार नहीं, बल्कि हमारे दैनिक चुनावों का परिणाम है। इसलिए आज ऐसा चुनाव कीजिए, जिस पर आने वाला आपका भविष्य गर्व कर सके।”


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page