top of page
Search

केवल लक्ष्य नहीं, आदतें सफल बनाती है…

Writer: Nirmal Bhatnagar
Nirmal Bhatnagar
2 days ago
3 min read

Oct 27, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…


दोस्तों, बात जीवन के किसी भी पहलू की हो सामान्यतः हम लक्ष्य बनाकर ही उसे बेहतर बनाना चाहते हैं। जैसे किसी परीक्षा में टॉप करना हो या व्यापार आगे बढ़ाना हो या फिर कोई बड़ा मुकाम हासिल कर ख़ुद को सिद्ध करना हो या सेहत को बेहतर बनाना हो, तो हम शुरुआत अक्सर लक्ष्य तय करने से करते हैं। याने टॉप करने के लिए हम सबसे पहले तय करते हैं कि कितने प्रतिशत अंक लाने हैं, अमीर बनने के लिए तय करते हैं कितने पैसे कमाने हैं और सेहत बेहतर बनाने के लिए तय करते हैं कि कितने कदम चलना है, कौन सा योग करना है या कितनी देर एक्सरसाइज़ करना है और क्या खाना है। ऐसा तय करना याने लक्ष्य बना कर जीवन में आगे बढ़ना सही भी है क्योंकि लक्ष्य हमें दिशा देते हैं, लेकिन सिर्फ़ लक्ष्य तय कर लेने से सफलता नहीं मिलती।


दोस्तों, लक्ष्य तय करना आसान है, लेकिन उस तक पहुँचने के लिए रोज़ मेहनत करना असली चुनौती है। उदाहरण के लिए दो विद्यार्थी परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक लाने का लक्ष्य बनाते हैं। पहला विद्यार्थी परीक्षा से कुछ महीने पहले पढ़ाई में जुट जाता है। दूसरा हर दिन थोड़ा-थोड़ा पढ़ता है, नियमित अभ्यास करता है, अपनी गलतियाँ पहचानता है और समय-समय पर खुद का मूल्यांकन करता है। लक्ष्य दोनों का एक है, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली अलग है। परिणाम चाहे जो हो, दूसरे विद्यार्थी के पास लगातार बेहतर बनने की मजबूत आदत है और यही आदत उसके सफल होने की संभावना को कई गुना बढ़ा देती है।


दोस्तों, यही अंतर लक्ष्य आधारित और व्यवस्था याने सिस्टम आधारित जीवन जीने में है। लक्ष्य हमें बताते हैं कि कहाँ पहुँचना है, जबकि सिस्टम तय करता है कि वहाँ पहुँचने के लिए हमें रोज़ क्या करना होगा। थोड़ा और विस्तार से बताऊँ तो साम, दाम, दंड, भेद आदि से हम जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सफल हो सकते हैं; खुश हो सकते हैं। लेकिन उसके बाद क्या? याने अगर हमारी सफलता केवल किसी एक विशेष प्रयास पर निर्भर है, तो उसे दोहराना मुश्किल हो सकता है। इसके विपरीत, जब हम सही आदतों, अनुशासन और काम करने के प्रभावी तरीक़े को विकसित कर लेते हैं, तो बार-बार सफल होने की संभावना बढ़ जाती है।


दोस्तों, अगर स्वस्थ शरीर चाहिए, तो केवल वजन कम करने का लक्ष्य मत बनाइए। नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और पर्याप्त नींद को दिनचर्या का हिस्सा बनाइए। कारोबार बढ़ाना है, तो केवल बिक्री का लक्ष्य न रखें; ग्राहकों से संवाद, सेवा की गुणवत्ता और काम की नियमित समीक्षा का सिस्टम बनाइए। अच्छे अंक चाहिए, तो केवल परीक्षा के परिणाम के बारे में न सोचें; रोज़ की पढ़ाई और अभ्यास पर ध्यान दीजिए। जब आपके पास रोज़ काम करने का सटीक सिस्टम होगा, तो सफलता उसका स्वाभाविक परिणाम होगी।


दोस्तों, अगर लगातार अपने जीवन को बेहतर बनाते हुए जीना चाहते हैं तो आज खुद से एक सवाल पूछिए, “मैं अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए रोज़ कौन-से तीन काम कर सकता हूँ?” जवाब के आधार पर उनकी प्राथमिकता तय कीजिए और नियमित रूप से उन्हें पूरा कीजिए क्योंकि छोटे कदमों को लगातार दोहराने से ही बड़े बदलाव आते हैं।


याद रखिएगा, एक बार जीतना उपलब्धि है, लेकिन बार-बार जीतने की क्षमता विकसित करना असली सफलता है। इसलिए सपने देखिए, लक्ष्य बनाइए, लेकिन अपनी पूरी ऊर्जा केवल परिणाम के इंतज़ार में मत लगाइए। बल्कि ऐसी दिनचर्या बनाइए जो आपको हर दिन अपने लक्ष्य के थोड़ा और करीब ले जाए क्योंकि सफलता केवल मंज़िल तक पहुँचने का नाम नहीं है; सफलता उस इंसान के निर्माण में भी है, जो सही दिशा में लगातार आगे बढ़ना जानता है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page