चेहरा नहीं, व्यवहार याद रहता है !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 3 hours ago
- 3 min read
July 8, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

आज की दुनिया में लोग खुद को आकर्षक बनाने पर लाखों रुपये खर्च कर देते हैं। महंगे कपड़े, ब्रांडेड घड़ियाँ, मेकअप, जिम, फोटो फिल्टर और सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखने की होड़… मानो सफलता का पहला नियम यही हो कि लोग आपको देखकर प्रभावित हो जाएँ। लेकिन क्या वास्तव में लोगों के दिल तक पहुँचने का रास्ता सुंदर चेहरे से होकर जाता है? चलिए, हाल ही में घटे एक किस्से से इसे समझाने का प्रयास करता हूँ-
हाल ही में एक प्रतिष्ठित कंपनी में नए कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन मैंने सभी प्रतिभागियों से एक प्रश्न पूछा, “पिछले एक वर्ष में यात्राओं के दौरान एयरपोर्ट, होटल या किसी मॉल में आपकी मुलाकात कई लोगों से हुई होगी। अब आप मात्र 15 सेकंड में बिना ज़्यादा सोचे बताइए कि क्या आपको उनमें से किसी भी बेहद आकर्षक व्यक्ति का चेहरा याद है?” प्रश्न सुन पूरा हॉल शांत था। कुछ लोगों के चेहरे पर मुस्कुराहट थी, कुछ लोग याद करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनमें से कोई भी स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाया।
मैंने बात आगे बढ़ाते हुए उनसे कहा, “चलिए, इसे यहीं छोड़िये और अब मेरे दूसरे प्रश्न का जवाब दीजिए, क्या आपकी मुलाकात कभी ऐसे व्यक्ति से हुई है, जिसने बिना किसी स्वार्थ के आपकी मदद की हो? शायद रास्ता बताया हो, मुश्किल समय में आपका साथ दिया हो, या सिर्फ दो अच्छे शब्द बोलकर आपका मन हल्का कर दिया हो?” इस बार लगभग सभी लोगों के हाथ उठे हुए थे और एक युवक तो एकदम से बोला, “सर, तीन साल पहले मेरी बाइक रात में खराब हो गई थी। एक अनजान व्यक्ति लगभग एक घंटे तक मेरे साथ खड़ा रहा। उसने मैकेनिक बुलाया, चाय पिलाई और तब तक नहीं गया जब तक मैं सुरक्षित घर के लिए निकल नहीं गया। मुझे उसका नाम तो नहीं पता है लेकिन मैं उसका व्यवहार कभी नहीं भूल सकता।” उसकी बात पूरी होते ही दूसरी प्रतिभागी ने कहा, “मुझे अपने स्कूल की लाइब्रेरियन आज भी याद हैं। उन्होंने परीक्षा के दिनों में मुझ पर इतना विश्वास किया कि मैं खुद पर विश्वास करना सीख गई।”
मैंने मुस्कुराते हुए चर्चा को वही रोका और बात आगे बढ़ाते हुए कहा, “दोस्तों, यही जीवन का सबसे बड़ा सत्य है। शारीरिक आकर्षण, महंगे कपड़े, ब्रांडेड चीजें लोगों की नजरें आपकी ओर खींच तो सकती हैं, लेकिन आपका व्यवहार उनके दिलों में हमेशा के लिए जगह बनाता है। वैसे भी चेहरा समय के साथ बदल जाता है। सुंदरता उम्र के साथ फीकी पड़ जाती है। लेकिन सम्मान, विनम्रता, संवेदनशीलता और अच्छा व्यवहार कभी पुराने नहीं होते। इस सूत्र के साथ ही आपको अपने जीवन की आगे की यात्रा पूरी करनी है।”
दोस्तों, अगर मेरी बात से सहमत ना हों तो आज ही अपने जीवन के उन लोगों की सूची बनाइएगा जिन्होंने आपको सबसे अधिक प्रभावित किया है। इसके पश्चात आप ख़ुद से प्रश्न करके देखियेगा इन लोगों का नाम आपने इस सूची में क्यों रखे है? जवाब में आप पाएँगे कि अधिकांश लोगों को आपने उनकी शक्ल की वजह से नहीं, बल्कि उनके उस व्यवहार की वजह से चुना है, जिसके कारण वे आपके दिल में बस गए हैं।
दोस्तों, एक मुस्कान, समय पर दिया गया सहयोग, किसी की बात धैर्य से सुन लेना, धन्यवाद कहना, गलती होने पर क्षमा माँग लेना और दूसरों के प्रति सम्मान रखना, आदि ऐसे गुण हैं जिनकी चमक कभी कम नहीं होती। आज की दुनिया में प्रभावशाली दिखना आसान है, लेकिन प्रभावशाली व्यक्तित्व बनाना कठिन है। सुंदर चेहरा कुछ मिनिटों के लिए लोगों को आकर्षित कर सकता है लेकिन आपका सुंदर व्यवहार हमेशा के लिए लोगों के दिलों में जगह बना सकता है। इसलिए हर सुबह आईने में चेहरा सँवारने के साथ अपने व्यवहार को भी सँवारिए क्योंकि चेहरे की सुंदरता आँखों तक पहुँचती है, लेकिन व्यवहार की सुंदरता सीधे हृदय तक पहुँचती है और जो हृदय तक पहुँच जाए, वही वास्तव में सुंदर कहलाता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments