जैसा सोचोगे, जीवन वैसा ही बन जाएगा!!!
- Nirmal Bhatnagar

- Dec 20, 2025
- 3 min read
Updated: Dec 20, 2025
Dec 20, 2025
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

जीवन केवल समय का प्रवाह या सिर्फ़ चलते रहने का नाम नहीं है। यह तो एक मौका है श्रेष्ठ बनने का, श्रेष्ठ करने का और श्रेष्ठ को पाने का। इसकी क़ीमत का अंदाज़ा आप इस बात से लगा सकते हैं कि 84 लाख योनियों में सिर्फ़ मनुष्य योनि ही, अपनी इच्छा अनुसार इस जीवन को ढाल सकती है। इसलिए कहते है, ‘मनुष्य जीवन स्वयं में परमात्मा का सर्वोत्तम उपहार है।’ लेकिन अक्सर छोटी-मोटी बातों या चीजों के कारण हम इसे पहचान ही नहीं पाते है और जीवन को हल्के में ले लेते हैं और इसकी असली क़ीमत तब समझ पाते है, जब समय हाथ से निकल जाता है। आइए, आज हम जीवन के प्रति नजरिया बदलने वाली 5 बातों को समझने का प्रयास करते हैं-
1) जीवन की सुंदरता समझो
मेरा मानना है, जीवन बिल्कुल फूल के जैसा है। जिस तरह फूल में सुंदरता, ख़ुशबू और ख़ूबसूरत रंग के साथ काँटे भी होते है, ठीक वैसे ही जीवन में अच्छाई और चुनौतियाँ दोनों साथ-साथ रहती है। अगर आपका सारा ध्यान सिर्फ़ काँटों याने चुनौतियों पर ही रहेगा तो आप कभी जीवन की ख़ूबसूरती का एहसास नहीं कर पाएंगे। लेकिन यदि आप अपनी दृष्टि फूलों याने अच्छाइयों पर रखेंगे, तो वही जीवन आपको खूबसूरत लगने लगेगा। यही सोच की शक्ति है—आप जहाँ देखते हैं, जीवन वैसा ही दिखता है। इसलिए याद रखें, जीवन बुरा नहीं होता, जीवन को बुरा देखने की आदत बुरी होती है।
2. सिद्ध करो, आपकी सोच ही आपके जीवन को बनाती है
दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं, पहले वे जो हर चीज़ में कमी ढूंढते हैं, और दूसरे वे जो हर स्थिति में सीख ढूंढते हैं। पहला व्यक्ति जीवन को बोझ मानता है, दूसरा वरदान। तथ्य यह है, जीवन वैसा नहीं होता जैसा दिखता है, जीवन वैसा होता है जैसा आप उसे देखते हैं। यदि आप सोच बदलें, तो अनुभव बदलेंगे और अनुभव बदलते ही, आपका पूरा जीवन बदल जाएगा।
3. जीवन को खरीदा नहीं जा सकता
'जीवन' धन, प्रसिद्धि, रिश्ते, प्रतिष्ठा आदि सब कुछ देता है, पर दुनिया की सारी संपत्ति देकर भी जीवन को वापस नहीं पा सकते हैं। यही कारण है कि जीवन को सबसे कीमती माना जाता है। जब यह सत्य समझ में आ जाता है, तो कोई भी इंसान जीवन का दुरुपयोग नहीं करता। तब न समय व्यर्थ जाता है, न क्षमताएँ बर्बाद होती हैं, और न ही भावनाएँ गलत जगह खर्च होती हैं।
4. जीवन से शिकायत मत करो
जीवन को कोसने से कोई समस्या हल नहीं होती। समस्याएँ हल होती हैं, जब हम अपने जीवन की बुराइयों को मिटाने की कोशिश करते हैं। इसलिए अगर आदतें गलत हैं, तो उन्हें बदलो; यदि लक्ष्य अधूरे हैं, तो प्रयास बढ़ाओ; यदि विचार नकारात्मक हैं, तो दृष्टि सुधारो; यदि राह कठिन है, तो शक्ति और प्रयास बढ़ाओ। याद रखें, जीवन एक यंत्र नहीं है, जिसे केवल चलाना है। जीवन तो एक कला है, जिसे हर क्षण तराशना है।
5. जीवन वैसा बनता है जैसा आप उसे बनाते हैं
सोच बदलने से जीवन बदलता है और इस बात को सिद्ध किया जा सकता है। इसलिए काँटों पर नहीं, फूलों पर ध्यान दें। शिकायत के स्थान पर समाधान पर फोकस रखें। कठिनाइयों के बीच भी अवसर को देखें। जीवन जैसा है उसे स्वीकारें, उससे लड़ें नहीं। याद रखियेगा, जब आप जीवन से प्रेम करते हैं, तो जीवन भी आपके लिए रास्ते खोलता है।
अंत में इतना ही याद दिलाना चाहूँगा, जीवन श्रेष्ठ है, उसे श्रेष्ठ बनाना आपका कार्य है। इसके लिए सबसे पहले जीवन को कभी छोटा मत समझिए। यह एक दुर्लभ उपहार है—जो एक बार मिला है और सीमित है। इसलिए जीवन से प्यार करो, जीवन को संवारो, और हर दिन यह साबित करो कि सोच बदलने से जीवन सचमुच बदल जाता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments