जो घट रहा है, उसे स्वीकारना सीखो !!!
- Nirmal Bhatnagar

- 17 hours ago
- 3 min read
Mar 22, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, सच कहूँ तो जीवन उतना जटिल कभी था ही नहीं, जितना हमने उसे बना लिया है। कभी हम सही-ग़लत के फेर में पड़ जाते हैं, तो कभी सफलता-असफलता की चिंता हमें सताने लगती है और इन दोनों से बच भी जाओ तो भविष्य की चिंता हमें सताना शुरू कर देती है। कुल मिलाकर कहूँ तो आज हम अपनी ही सोच के जाल में उलझकर रह गए हैं, जिसके कारण हमारा जीवन, सरल यात्रा से बदलकर एक बोझिल संघर्ष समान बन गया है। लेकिन दोस्तों, अगर हम थोड़ा रुककर याने थोड़ा ठहरकर देखेंगे, तो पाएँगे कि जीवन अपने स्वभाव में बेहद सहज है। इसलिए मैं हमेशा कहता हूँ, “समस्या जीवन में नहीं, हमारी सोच और प्राथमिकताओं में है।”
आज हम हर परिस्थिति को नियंत्रित करना चाहते हैं, हर परिणाम को अपने हिसाब से देखना चाहते हैं और जब यह चीज़ें हमारे अनुसार नहीं होतीं, तो हम बेचैन हो जाते हैं। जबकि सच्चाई यह है कि जीवन का प्रवाह हमेशा हमारे नियंत्रण में नहीं होता और मेरी नजर में यही उसकी सुंदरता भी है।
दोस्तों, जीवन हमें हर दिन कुछ नया सिखाता है। दूसरे शब्दों में कहूँ तो जीवन से मिला हर अनुभव एक शिक्षा है, हर बदलाव एक संकेत है और हर परिस्थिति हमें थोड़ा और मजबूत बनने का अवसर देती है। लेकिन आमतौर पर हम हर बदलाव का विरोध करते हैं, हर कठिनाई से घबराते हैं, और असफलता को अंत मान लेते हैं, जबकि यह सही नहीं है।
दोस्तों, जीवन को समझने का एक सरल तरीका है, जीवन में जो घट रहा है, उसे स्वीकारना सीखो। याद रखना, स्वीकार करना हार मानना नहीं, बल्कि वास्तविकता को समझकर आगे बढ़ना है। जब हम परिस्थितियों से लड़ना छोड़ देते हैं, तब हमारे भीतर समाधान खोजने की ऊर्जा पैदा होती है।
दोस्तों, इस सत्य को हम रतन टाटा जी के प्रेरणादायक उदाहरण से भी सीख सकते हैं। अपने करियर के शुरुआती दौर में रतन टाटा जी को कई असफलताओं का सामना करना पड़ा। एक समय ऐसा भी आया जब उनकी कंपनी के एक बड़े प्रोजेक्ट को अस्वीकार कर दिया गया और उनका मजाक तक उड़ाया गया। लेकिन उन्होंने परिस्थितियों का विरोध करने के बजाय उन्हें स्वीकार किया, उनसे सीखा और आगे बढ़ते रहे। बाद में उसी दृष्टिकोण ने उन्हें ऐसे निर्णय लेने की शक्ति दी, जिसने न केवल उनकी कंपनी को ऊँचाइयों तक पहुँचाया, बल्कि उन्हें देश के सबसे सम्मानित व्यक्तित्वों में शामिल कर दिया।
दोस्तों, सुखी, सफल और शांत जीवन का मंत्र ही यही है कि “जो होता है, वह हमेशा हमारे खिलाफ नहीं होता… वह अक्सर हमारे लिए होता है। जब हम हर घटना को सीख के रूप में देखने लगते हैं, तो जीवन सरल होने लगता है। जब हम हर बदलाव को अवसर मानते हैं, तो डर खत्म होने लगता है और जब हम वर्तमान को स्वीकारते हैं, तो मन में शांति आ जाती है।”
याद रखिएगा, जीवन में कभी इतना कुछ नहीं बिगड़ता, जिसे आप ठीक न कर सकें। समय बदलता है, परिस्थितियाँ बदलती हैं, और इंसान भी बदल सकता है। इसलिए जीवन को भारी मत बनाइए। उसे सहजता के साथ जीना सीखिए। हर पल को स्वीकारिए, हर अनुभव से सीखिए और आगे बढ़ते रहिए क्योंकि जीवन कोई समस्या या पहेली नहीं है जिसे हल करना है, जीवन तो एक अनुभव है, जिसे जीना है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments