जो बदलता है वो परिस्थितियों का शिकार नहीं होता…

Oct 4, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, एक पुरानी अफ्रीकी कहावत है, “कारवां में सबसे ज्यादा मार अक्सर आखिरी ऊँट को पड़ती है, जबकि शुरुआत में धीमा चलने वाला पहला ऊँट था।” बात छोटी सी है, लेकिन ज़िंदगी को बेहतरीन बनाने का सबक अपने अंदर समेटे हुए है। अक्सर ऐसा ही कुछ हमारे जीवन में भी घटता है। जैसे, काम समय पर ना होने, लक्ष्य पीछे छूट जाने, अपेक्षित गति से जीवन में आगे ना बढ़ पाने, आदि जैसी स्थितियों में हम तुरंत दोषी खोजने लगते हैं। याने हमें ऐसी किसी भी तात्कालिक असफलता में सबसे पीछे दिखाई देने वाला कारण ही नजर आता है और हम कभी यह जानने का प्रयास ही नहीं करते कि आख़िर अंत में यह स्थिति उत्पन्न ही क्यों हुई। सामान्यतः हम जानने का प्रयास ही नहीं करते कि कहीं गति कम होने की वजह से तो हम लक्ष्य नहीं चूक गए? या मंजिल को पाने के लिए चुना गया रास्ता ग़लत था? या फिर प्रशिक्षण या शिक्षा का अभाव हमारी असफलता की मुख्य वजह था? या हमारे पास जरूरी संसाधन नहीं थे? या फिर पूरी व्यवस्था ही बदलती दुनिया की गति के साथ बदलने को तैयार नहीं थी?
दोस्तों, इस महत्वपूर्ण सत्य को हमेशा याद रखिएगा, “परिवर्तन अपने आप में हमेशा दर्दनाक नहीं होता, पर उसका विरोध अक्सर दर्दनाक जरूर हो जाता है।” ऐसा इसलिए क्योंकि हम बदलाव से डरते हैं; हमें पुरानी चीजें या रास्ते परिचित या आरामदायक नज़र आते है, फिर भले ही पुरानी व्यवस्था में कमियाँ हों। इसके विपरीत नया रास्ता अनिश्चित होता है, इसलिए हमें असुरक्षित महसूस कराता है। याद रखिएगा, जिंदगी कभी रुकती नहीं है और तकनीक कभी एक जैसी नहीं रहती। लोगों की अपेक्षाएँ बदलती हैं। काम करने के तरीके बदलते हैं। बाजार बदलता है। पीढ़ियाँ बदलती हैं। ऐसे में जो व्यक्ति या संस्था इस बदलती दुनिया के साथ खुद को ख़ुद नहीं बदलता, उसे अंततः परिस्थितियाँ बदलने के लिए मजबूर करती हैं। फर्क सिर्फ इतना होता है कि स्वेच्छा से किया गया परिवर्तन विकास बन जाता है और मजबूरी में किया गया परिवर्तन संघर्ष। उदाहरण के लिए एक पेड़ को देखिए। तूफान आने पर उसकी शाखाएँ हिलती हैं, कुछ टूटती भी हैं। लेकिन पेड़ का अस्तित्व केवल उसकी शाखाओं पर निर्भर नहीं करता। तूफान शाखाओं की परीक्षा लेता है, लेकिन जड़ें तय करती हैं कि पेड़ बचेगा या नहीं।
हमारे जीवन का भी यही सच है। परिस्थितियाँ हमारी बाहरी क्षमताओं को चुनौती देती हैं, लेकिन हमारा चरित्र, हमारे मूल्य और सीखने की इच्छा पेड़ों की जड़ों के समान मजबूत और अडिग रहती है। इसलिए बदलाव के समय सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह नहीं होना चाहिए कि “क्या बदल रहा है?”, बल्कि यह होना चाहिए “क्या मुझे बदलने की जरूरत है?” इस सवाल के जवाब के आधार पर पहचानिये कि आपकी ऐसी कौन सी जड़ें हैं, जिन्हें और मजबूत बनाने की जरूरत है और किन जड़ों को मुझे हर परिस्थिति में मजबूत बनाए रखना है।
दोस्तों, बदलना और अपनी पहचान खो देना दो अलग बातें हैं। आप अपनी सोच बदल सकते हैं, लेकिन अपने मूल्य नहीं। आप अपना तरीका बदल सकते हैं, लेकिन अपनी ईमानदारी नहीं। आप अपनी रणनीति बदल सकते हैं, लेकिन अपना उद्देश्य नहीं। यही स्वस्थ परिवर्तन है।
व्यवसायिक जीवन में कई बार हम किसी को “धीमा” कहकर नकार देते हैं और आगे बढ़ जाते हैं और यह विचार करना भूल जाते हैं कि कहीं वह हमारी व्यवस्था की कमी का परिणाम तो नहीं? याद रखिएगा, एक अच्छा नेता केवल आखिरी व्यक्ति को तेज नहीं करता। वह यह समझने की कोशिश करता है कि कारवां की गति कहाँ और क्यों टूट रही है।
दोस्तों, अगली बार जब जिंदगी आपसे बदलाव की मांग करे, तो तुरंत विरोध मत कीजिए। रुकिए; समझिए; सीखिए और फिर जरूरी बदलाव को स्वीकार कीजिए क्योंकि बदलाव से बचने के लिए हम जितनी ऊर्जा खर्च करते हैं, वही ऊर्जा अगर बदलाव को समझने और खुद को तैयार करने में लगाएँ, तो वही परिवर्तन हमारी ताकत बन सकता है। याद रखिए, तूफान सिर्फ़ यह तय नहीं करता कि कौन गिरेगा बल्कि वह यह भी बताता है कि किसकी जड़ें कितनी गहरी हैं।
दोस्तों, जिंदगी में आगे वही बढ़ता है जो समय के साथ अपनी चाल बदलना जानता है, लेकिन अपनी दिशा नहीं। इसलिए बदलाव से मत डरिए, बदलाव से सीखिए क्योंकि जो बदलना सीख जाता है, वह परिस्थितियों का शिकार नहीं रहता, वह तो भविष्य का निर्माता बन जाता है।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments