top of page
Search

तुम मेरे अपने हो…

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 21 hours ago
  • 2 min read

Mar 6, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

तुम मेरे अपने हो…


दोस्तों, जीवन में रिश्ते सबसे अनमोल धरोहर होते हैं, लेकिन अक्सर इन्हीं रिश्तों में छोटी-छोटी गलतफहमियाँ बड़ी दूरियाँ बना देती हैं। सच तो यह है कि अधिकांश गलतियाँ इरादों से नहीं, परिस्थितियों से जन्म लेती हैं। इंसान गलत नहीं होता, कई बार हालात उसे गलत बना देते हैं। इसलिए किसी अपने की गलती पर निर्णय देने से पहले उसके पीछे का कारण समझना ही सच्ची समझदारी और परिपक्वता है।


हम जल्दी फैसला सुनाने में माहिर हो गए हैं, पर समझने में कमजोर। जैसे ही कोई गलती करता है, हम तुरंत कह देते हैं, “उसने जानबूझकर किया।” जबकि हकीकत यह होती है कि सामने वाला खुद अपनी गलती से दुखी होता है। रिश्ते वहीं मजबूत बनते हैं जहाँ निर्णय नहीं, संवाद होता है; आरोप नहीं, समझ होती है।


प्रसिद्ध लेखिका मार्गरेट लॉरेंस ने कहा था कि कई परिवारों में “प्लीज़” जादुई शब्द होता है, लेकिन उनके घर में “सॉरी” जादुई शब्द था। सोचिए, कितना गहरा अर्थ छिपा है इसमें। “सॉरी” अहंकार को पिघला देता है, दिलों की दूरी मिटा देता है और रिश्तों में नई शुरुआत कर देता है। माफी माँगना हार नहीं, रिश्ते को जीतना है।


इसी भाव का अद्भुत उदाहरण हमें नेल्सन मंडेला के जीवन में मिलता है। 27 साल जेल में रहने के बाद भी उन्होंने अपने विरोधियों के प्रति नफरत नहीं रखी। वे चाहते तो बदले की आग में जल सकते थे, लेकिन उन्होंने क्षमा को चुना। उन्होंने कहा था, “अगर मैं जेल से नफरत लेकर बाहर आता, तो मैं अब भी कैदी ही होता।” उनकी यह सोच बताती है कि समझ और क्षमा केवल रिश्ते ही नहीं, पूरी दुनिया बदल सकते है।


दोस्तों, जब हम अपने प्रियजनों की गलतियों के पीछे छिपी परिस्थितियों को समझते हैं, तो हमारे भीतर करुणा पैदा होती है। करुणा रिश्तों की मिट्टी को नम रखती है, जिससे प्रेम का पौधा सूखता नहीं। इसके विपरीत, जब हम केवल दोष देखते हैं, तो संबंधों की जड़ें सूखने लगती हैं। याद रखिए, हर गलती एक कहानी कहती है। हर व्यवहार के पीछे एक कारण होता है।
हर कठोर शब्द के पीछे कोई अनकहा दर्द छिपा होता है।


रिश्तों को मजबूत बनाने का सबसे आसान सूत्र है, पहले समझो, फिर समझाओ। जब कोई अपना गलती करे, तो तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय खुद से पूछिए, “उसने ऐसा क्यों किया होगा?” यह एक प्रश्न रिश्ते को टूटने से बचा सकता है। जीवन बहुत छोटा है और अहंकार बहुत भारी। यदि हम हर बात में जीतना चाहेंगे, तो रिश्ते हार जाएँगे। लेकिन अगर हम रिश्तों को जीतने देंगे, तो जीवन खुद जीत जाएगा।


आज एक संकल्प लें, ‘हम अपने लोगों की गलतियों के न्यायाधीश नहीं, सहायक बनेंगे। हम प्रतिक्रिया नहीं, संवेदना चुनेंगे। हम आरोप नहीं, कारण खोजेंगे क्योंकि सच्चाई यही है, गलती इंसान से होती है, लेकिन रिश्ते इंसानियत से चलते हैं और अंत में याद रखिए, सबसे मजबूत रिश्ता वही होता है, जहाँ “मैं सही हूँ” से ज्यादा “तुम मेरे अपने हो” की भावना होती है।


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page