पाना हो लक्ष्य तो अपनायें ये सूत्र…
- Nirmal Bhatnagar

- 1 day ago
- 3 min read
Sep 1, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

दोस्तों, हम सभी अपने सपनों का जीवन जीने के लिए लक्ष्य बनाते हैं। कोई बेहतर करियर की चाह रखता है, तो कोई अपना व्यवसाय खड़ा करना चाहता है, तो कोई अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए सोचता है। लेकिन केवल सोचना या इच्छा करना, सपने देखना और लक्ष्यों को लिखना, उन्हें हकीकत में पूरा कर लेने की गारंटी नहीं है। लक्ष्य तो केवल तब वास्तविकता में तब्दील होते हैं जब उनके साथ इमोशनल कमिटमेंट जुड़ा होता है। जी हाँ, किसी लक्ष्य को पाने के लिए केवल यह जानना कि “मुझे क्या हासिल करना है।”, पर्याप्त नहीं है। उसके लिए तो हमें यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि “मैं इसे हासिल क्यों करना चाहता हूँ।”
दोस्तों, यही स्पष्टता हमारे भीतर वह ऊर्जा पैदा करती है, जो कठिन परिस्थितियों में भी हमें आगे बढ़ाती है। जब हमारा मन किसी उद्देश्य से भावनात्मक रूप से जुड़ जाता है, तब मेहनत केवल मेहनत नहीं रह जाती, वह हमारे लिए अर्थपूर्ण बन जाती है और जब लक्ष्य के साथ अर्थ जुड़ जाता है, तब सुबह जल्दी उठना, बार-बार प्रयास करना, असफलताओं से सीखना और सुविधाओं का त्याग करना बोझ नहीं लगता, क्योंकि हमें पता होता है कि हम किस दिशा में और क्यों चल रहे हैं। इसलिए ही मैं हमेशा कहता हूँ, “सपना दिशा देता है, लेकिन कमिटमेंट याने प्रतिबद्धता गति देती है।”
कई लोग बड़े सपने देखते हैं, लेकिन थोड़ी कठिनाई आते ही पीछे हट जाते हैं। इसका कारण अक्सर लक्ष्य की कमी नहीं, बल्कि लक्ष्य के प्रति भावनात्मक जुड़ाव की कमी होती है। यदि आपका लक्ष्य केवल “सफल होना” है, तो पहली असफलता आपको रोक सकती है। लेकिन यदि आप किसी गहरे उद्देश्य, जैसे, अपने परिवार को बेहतर जीवन देना, अपनी क्षमता को साबित करना, समाज के लिए कुछ उद्देश्यपूर्ण करना या स्वयं का बेहतर संस्करण बनना, के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो मुश्किलें आपकी यात्रा का हिस्सा बन जाती हैं, उसकी समाप्ति नहीं।
एक बात और याद रखियेगा, सफलता के लिए केवल भावनात्मक जुड़ाव भी पर्याप्त नहीं है। उसके लिए आपको अपने इमोशंस, अपने फोकस और अपने कार्य को अलाइन रखना होगा। उदाहरण के लिए यदि आप किसी लक्ष्य के साथ जी रहे हैं, लेकिन आपका समय सोशल मीडिया, अनावश्यक गतिविधियों और लगातार बदलती प्राथमिकताओं में जा रहा है, तो आपके लिए लक्ष्य प्राप्त करना मुश्किल होगा क्योंकि आपके भीतर की इच्छा और आपके बाहरी प्रयासों में अंतर है। इसलिए साथियों समय-समय पर स्वयं से पूछना कि “क्या मेरी आज की गतिविधियां मुझे मेरे कल के लक्ष्य के करीब ले जा रही हैं?” आपके लक्ष्य, आपकी मेहनत और आपके फोकस को अलाइन रखता है।
दोस्तों, उपरोक्त सभी बातों के साथ अंत में निरंतरता, लक्ष्य तक पहुंचने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एक दिन की जबरदस्त मेहनत से ज्यादा शक्तिशाली है, हर दिन की थोड़ी, लेकिन लगातार मेहनत। सफलता अक्सर किसी एक बड़े प्रयास से नहीं, बल्कि उन छोटे-छोटे प्रयासों के संचय से बनती है जिन्हें हमने तब भी जारी रखा, जब परिणाम दिखाई नहीं दे रहे थे। इसलिए अपने लक्ष्य को केवल टू-डू-लिस्ट का हिस्सा न बनाएं। उसे अपने जीवन के उद्देश्य से जोड़ें।
एकदम संक्षेप में दोहराऊँ दोस्तों तो अपने खुशहाल जीवन का सपना देखिए। उससे भावनात्मक रूप से जुड़िए और फिर अपना फोकस स्पष्ट रखते हुए, प्रतिदिन उसे पाने की दिशा में कार्य कीजिए; याने लगातार लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते रहिए क्योंकि लक्ष्य केवल इच्छा से नहीं, बल्कि इच्छा + भावना + फोकस + निरंतर प्रयास से जीवन में पाए जाते हैं।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments