रिश्ते अपने आप नहीं टूटते…

Oct 20, 2026
फिर भी ज़िंदगी हसीन है...

दोस्तों, बात सुनने में थोड़ी अटपटी या उलझन भरी लग सकती है, लेकिन है सही। कभी-कभी सबसे ज्यादा दर्द में जीवन वो लोग जीते हैं, जिनकी आँखों में संवेदनशीलता, दिमाग में न्याय की उम्मीद और दिल में दूसरों के लिए भरोसा होता है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूँ क्योंकि वे रिश्तों को केवल निभाते नहीं, उन्हें महसूस भी करते हैं। इसलिए वे दूसरों के शब्दों के पीछे छिपी भावनाओं को हर क्षण समझने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार अपनी भावनाओं को समझाने में ही थक जाते हैं।
इसी तरह ज़िंदगी का एक बड़ा रहस्य यह भी है कि हमें अक्सर पता नहीं होता कि कौन हमारे लिए प्रार्थना कर रहा है और कौन हमारे साथ रहते हुए भी हमारे विश्वास से खेल रहा है। चेहरे पहचानना आसान है, लेकिन इरादों को समझने में समय लगता है। इसलिए हर किसी पर आँख बंद करके भरोसा करना समझदारी नहीं, और हर किसी पर संदेह करना भी जीवन जीने का सही तरीका नहीं है। इसलिए मेरा मानना है कि समझदारी पूर्ण जीवन जीने के लिए हमें आँखें खुली रखते हुए, दिल में अच्छाई बनाए रखना होगी।
दोस्तों, रिश्तों की खूबसूरती बड़े-बड़े वादों में नहीं, बल्कि उन छोटी-छोटी बातों में छिपी होती है जिन्हें हम अक्सर मामूली समझकर छोड़ देते हैं। किसी की बात ध्यान से सुन लेना, बिना किसी स्वार्थ के उसका हाल पूछ लेना, मुश्किल समय में उसके पास पहुँच जाना या बिना माँगे उसका साथ दे देना, यही छोटी बातें रिश्तों में भरोसे की नींव रखती हैं। दोस्ती का अर्थ हर दिन घंटों बात करना नहीं है। कई बार एक छोटा-सा संदेश, समय पर किया गया फोन या मुश्किल घड़ी में कहा गया एक वाक्य, “चिंता मत करो, मैं तुम्हारे साथ हूँ”, किसी के लिए बहुत मायने रखता है। लेकिन हम अक्सर अपनों को हल्के में लेने लगते हैं। हमें लगता है कि जो व्यक्ति आज हमारा साथ दे रहा है, वह कल भी देगा। जो हमारी परवाह करता है, वह हमेशा करता रहेगा। जो हमारी गलतियों को माफ करता है, वह हर बार माफ कर देगा। हम भूल जाते हैं कि भावनाएँ गहरी हो सकती हैं, लेकिन लगातार अनदेखा किए जाने पर वे भी धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाती हैं। हर रिश्ता किसी एक बड़ी गलती से नहीं टूटता। कभी-कभी बार-बार की गई छोटी उपेक्षाएँ, अधूरे जवाब, अनसुनी बातें और यह एहसास कि अब हमारी कोई अहमियत नहीं रही, दो लोगों के बीच ऐसी दूरी बना देते हैं, जिसे बाद में शब्द भी नहीं भर पाते। इसलिए रिश्तों को केवल अच्छे समय में नहीं, सामान्य दिनों में भी समय दीजिए। किसी को यह बताने के लिए किसी विशेष अवसर का इंतज़ार मत कीजिए कि वह आपके लिए कितना महत्वपूर्ण है। और एक बात अपने लिए भी याद रखिए। दूसरों का व्यवहार हमेशा आपके नियंत्रण में नहीं होगा। कौन आपको समझेगा, कौन साथ छोड़ेगा और कौन आपके विश्वास के योग्य निकलेगा, यह सब आप तय नहीं कर सकते। लेकिन आप अपने व्यवहार, अपने निर्णय और अपनी प्रतिक्रिया को जरूर बेहतर बना सकते हैं। इसी बात को समझाते हुए लू होल्ट्ज़ ने कहा था, “इंसान जन्म से न विजेता होता है, न पराजित; वह अपने चुनावों और प्रयासों से स्वयं को गढ़ता है।”
इसलिए दूसरों की उपेक्षा को अपनी कीमत का प्रमाण मत बनने दीजिए। किसी का बदल जाना आपकी अच्छाई को व्यर्थ नहीं करता। बस अनुभव से सीखिए, अपनी सीमाएँ पहचानिए और उन रिश्तों में निवेश कीजिए जहाँ सम्मान, विश्वास और अपनापन दोनों तरफ से मौजूद हों।
याद रखिएगा, हर व्यक्ति आपकी भावनाओं को समझे, यह जरूरी नहीं; लेकिन आप अपनी संवेदनशीलता को कमजोरी न बनने दें। सच्चे रिश्तों को समय दीजिए, गलत लोगों से सीख लीजिए और अपने व्यक्तित्व को हर अनुभव के साथ बेहतर बनाइए। क्योंकि अंततः आपकी पहचान इस बात से नहीं बनती कि लोगों ने आपके साथ कैसा व्यवहार किया, बल्कि इससे बनती है कि उन अनुभवों के बाद आपने स्वयं को कैसा इंसान बनाया।
-निर्मल भटनागर
एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर




Comments