top of page
Search

संदेह को बढ़ने से पहले रोकिए !!!

  • Writer: Nirmal Bhatnagar
    Nirmal Bhatnagar
  • 3 hours ago
  • 3 min read

Sep 3, 2026

फिर भी ज़िंदगी हसीन है…

संदेह को बढ़ने से पहले रोकिए !!!


दोस्तों, जीवन में अक्सर हमारी सबसे बड़ी लड़ाई परिस्थितियों से नहीं, अपने ही मन के संदेह से होती है और यह संदेह कभी भी तूफ़ान की तरह अचानक नहीं आता। वह अक्सर एक छोटेसे सवाल के रूप में जन्म लेता है और हमसे पूछता है, “क्या मैं यह कर पाऊँगा?” या “कहीं मेरा फैसला गलत तो नहीं?” या फिर “अगर मैं असफल हो गया तो?” शुरू में हमें यह सवाल बहुत छोटे लगते हैं, लेकिन अगर इन्हें हमारे मन में जगह मिल जाये, तो ये संदेह के रूप में बढ़कर हमारे आत्मविश्वास को खोखला करने लगते है।


जिस तरह एक किसान बीज बोने के बाद अपने कर्म पर विश्वास रख बीज बोता है और फिर उसे अंकुरित होकर फसल बनने देने तक धैर्य रखता है, ठीक उसी तरह हम भी अपने विचार को धैर्य, विश्वास और निरंतर प्रयास के साथ सफल बना सकते हैं। याने जीवन में बार-बार पीछे मुड़कर देखना, किसी की एक टिपण्णी की वजह से मन में संदेह रखना, एक बार मिली असफलता की वजह से बार-बार अपनी क्षमता पर प्रश्न लगाना और अपने ही निर्णयों पर शक करना बंद कर दें, तो हम भी किसान की भांति अपने सपनों को साकार होता हुआ देख सकते हैं।


जीवन में सफल होने के लिए हमें सावधानी और संदेह में अंतर करना सीखना जरूरी है। सावधानी हमें बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित करती है, जबकि संदेह हमें कदम उठाने से रोकता है। सावधानी पूछती है, “मैं इसे बेहतर कैसे कर सकता हूँ?” जबकि संदेह पूछता है, “क्या मैं इसे कर भी सकता हूँ?” इसलिए जब मन में अनिश्चितता पैदा हो, तो उसे दबाने के स्थान पर स्पष्टता में बदलिए और इसके लिए स्वयं से प्रश्न कीजिए, “मेरे पास कौन-कौन सी क्षमताएं है?, मैंने अब तक क्या सीखा है? मेरे पास कौन-कौन से संसाधन हैं? और मेरा अगला छोटा कदम क्या हो सकता है?” याद रखिएगा, स्पष्टता हमेशा एक्शन लेने से आती है, केवल सोचते रहने से नहीं।


इसके साथ ही अपने अंतर्मन की आवाज़ को सुनना भी सीखिए। हर निर्णय के लिए दुनिया की स्वीकृति आवश्यक नहीं होती। दूसरों की सलाह उपयोगी हो सकती है, लेकिन अंतिम निर्णय लेते समय अपनी अंतरात्मा, अनुभव और विवेक पर भरोसा करना भी उतना ही जरूरी है। डेविड केसलर ने इसे बहुत गहराई से समझाते हुए कहा है, “डर मृत्यु को नहीं रोकता, लेकिन वह जीवन को अवश्य रोक सकता है।”


दोस्तों, कितने ही सपने केवल इसलिए अधूरे रह जाते हैं क्योंकि व्यक्ति असफल होने से पहले ही असफलता से डर जाता है। कितने ही रिश्ते केवल इसलिए नहीं बन पाते क्योंकि हम अस्वीकृति से डरते हैं। कितने ही अवसर इसलिए छूट जाते हैं क्योंकि हम यह तय नहीं कर पाते कि हम उनके योग्य हैं या नहीं। याद रखें, जीवन में हर बार निश्चितता मिलने के बाद ही कदम उठाना संभव नहीं होता। कई बार कदम उठाने के बाद ही आपको स्पष्ट रास्ता दिखाई देता है। इसलिए अपने मन में उठने वाले हर संदेह को सत्य मत मानिए। हर डर भविष्यवाणी नहीं होता और हर आशंका वास्तविकता नहीं बनती।


दोस्तों, सफलता चाहते हैं तो संदेह को सवाल बनाइए, सवाल को स्पष्टता में बदलिए और स्पष्टता को कर्म में। क्योंकि जीवन में सफलता उन्हें नहीं मिली है जिन्हें कभी डर नहीं लगा, बल्कि वह तो उन्हें मिली है जिन्होंने डर और संदेह के बावजूद आगे बढ़ने का निर्णय लिया। इसलिए ही तो मैं कहता हूँ, “संदेह को समय देंगे तो वह आत्मविश्वास खा जाएगा; लेकिन अगर विश्वास को अवसर देंगे तो वही आपको आपकी मंज़िल तक ले जाएगा।”


-निर्मल भटनागर

एजुकेशनल कंसलटेंट एवं मोटिवेशनल स्पीकर

 
 
 

Comments


bottom of page